Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

यूपी : किसान विरोधी कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदेशव्यापी सरकार जगाओ कार्यक्रम

Janjwar Desk
23 Dec 2020 5:39 PM GMT
यूपी : किसान विरोधी कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदेशव्यापी सरकार जगाओ कार्यक्रम
x
किसान दिवस पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा के सांसदों और विधायकों के आवास, कार्यालयों पर ताली-थाली बजा कर किया प्रदर्शन...

जनज्वार/लखनऊ। कांग्रेस ने देश के अन्नदाता किसानों द्वारा 28 दिनों से लगातार राजधानी दिल्ली के बार्डर पर कड़ाके की ठंड में किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में किसान दिवस व पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह की जयंती के मौके पर प्रदेशव्यापी ताली-थाली बजाओ और सरकार जगाओ कार्यक्रम आयोजित किया।

राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने आवास बहुखण्डी, डालीबाग पर ताली-थाली बजाकर भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों को गहरी निद्रा से जगाने का प्रयास किया। पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों के आवासों, कार्यालयों पर ताली-थाली बजाकर आंदोलन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पिछले 28 दिनों से हमारे देश का अन्नदाता किसान भीषण ठण्ड में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बार्डर की सड़कों पर अपनी मांगों को लेकर आन्दोलनरत है। वहीं सरकार को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है कि आन्दोलनरत किसान कितनी मुसीबत में हैं। अब तक 28 किसानों की दुखद मौतें हो चुकी हैं तथा आज से देश का पेट भरने वाला अन्नदाता किसान 18 घंटे के उपवास पर है और भाजपा की सरकार और उनके प्रतिनिधि, सांसद, विधायक अहंकार में कुम्भकर्णी नींद सो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा खुद तो अपनी रैली कर रही है और प्रदेश में अघोषित आपातकाल लगा रखा है। किसानों के समर्थन में कांग्रेस के कार्यकर्ता जब सांकेतिक रूप से कोई समर्थन व्यक्त करना चाहते हैं तो या तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाता है या उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया जाता है। इस तानाशाही से केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार हमारे अन्नदाता किसानों की आवाज को दबा नहीं सकती। हम कांग्रेसी किसानों की मांगे पूरी होने तक सड़क से सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

इसी क्रम में आज पूरे प्रदेश के हर जनपद में गिरफ्तारी एवं हाउस अरेस्ट से बचे हेतु पार्टी के जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने व्यापक रूप से भाजपा के सांसदों और विधायकों के आवास एवं कार्यालयों का घेराव किया और ताली-थाली बजाकर उन्हें सचेत किया कि वह अहंकारी रवैया त्यागकर हमारे अन्नदाता किसानों के समर्थन में उनकी मांगों को पूरा करने के लिए आगे आयें और जिन किसानों के बल पर आज वे सत्ता में बैठे हैं उनका मुसीबत के समय साथ दें।

Next Story

विविध