Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

UP के गोंडा में मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर भूमाफियाओं ने पुजारी को मारी गोली, बागपत में साधु की लाश मिलने से सनसनी

Janjwar Desk
11 Oct 2020 5:43 AM GMT
UP के गोंडा में मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर भूमाफियाओं ने पुजारी को मारी गोली, बागपत में साधु की लाश मिलने से सनसनी
x
पुजारी पर जमीन विवाद को लेकर पहले भी हमले हुए हैं। बदमाशों ने राम जानकी मंदिर मनोरम उद्गम स्थल के पुजारी सम्राट दास को गोली मारी है....

जनज्वार, गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक पुजारी को गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है। गोंडा में राम जानकी मंदिर के पुजारी सम्राट दास को शनिवार रात में गोली मार दी गई। डॉक्टरों ने घायल स्थिति में उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है। यह घटना इटियाथोक थाना अंतर्गत तिर्रे मनोरमा मंदिर की है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने मंदिर परिसर में घुसकर पुजारी को गोली मारी है। महंत सम्राट दास पर जमीन विवाद के चलते यह हमला हुआ है। कहा जा रहा है कि पुजारी पर जमीन विवाद को लेकर पहले भी हमले हुए हैं। बदमाशों ने राम जानकी मंदिर मनोरम उद्गम स्थल के पुजारी को गोली मारी है।

जानकारी के अनुसार रामविलास वेदांती मठ के संरक्षक हैं। बदमाशों ने मंदिर परिसर में घुसकर महंत को गोली मार दी है। पुजारी पर हमले को देखते हुए मंदिर में सुरक्षा के नाम पर होमेगार्डों की तैनाती की गई थी।

गोली लगने से महंत सम्राट दास की हालत बहुत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मंदिर की जमीन पर भूमाफियाओं की नजर थी। ग्राम प्रधान अमर सिंह समेत कई लोगों पर महंत ने हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस के आलाधिकारी मामले की कर जांच पड़ताल कर रहे हैं। साथ ही पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।

वहीं शनिवार 10 अक्टूबर को बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में यमुना नदी से साधु का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। साधु के शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले थे। अज्ञात साधु की पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, मगर पहचान नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की पड़ताल में जुट गई है।

Next Story

विविध