Begin typing your search above and press return to search.
उत्तराखंड

Uttarakhand : केदारनाथ से कुलदेवता की पूजा कर लौट रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गाड़ी का पिथौरागढ़ में एक्सीडेंट, 5 की मौत

Janjwar Desk
20 Oct 2021 12:35 PM GMT
Uttarakhand : केदारनाथ से कुलदेवता की पूजा कर लौट रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गाड़ी का पिथौरागढ़ में एक्सीडेंट, 5 की मौत
x

केदारनाथ से पूजा करके लौट रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर समेत 5 की रोड हादसे में गयी जान (photo : social media)

रिटायर्ड ब्रिगेडियर विनोद चंद अपने गांव के परिजन और नेपाल निवासी पुरोहितों के साथ अपने कुलदेवता की मूर्ति और बर्तनों को नहलाने के लिए केदारनाथ गए थे, केदारनाथ में विधि विधान के साथ कार्य सम्पन्न कर वापस लौट रहे थे, तभी हो गये हादसे का शिकार...

Uttarakhand Road Accident. आज बुधवार 20 अक्टूबर की सुबह एक बड़े हादसे में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर विनोद चंद समेत पांच लोगों की मौत हो गई। उनका वाहन खाई में जा गिरा। रिटायर्ड ब्रिगेडियर कुल देवता की पूजा करने केदारनाथ गए थे। वापस घर पिथौरागढ़ लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। हादसे में दो लोगों के घायल होने की भी जानकारी है।

जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ के निकटवर्ती बूंगा गांव निवासी ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) विनोद चंद अपने गांव के परिजन और नेपाल निवासी पुरोहितों के साथ अपने कुलदेवता की मूर्ति और बर्तनों को नहलाने के लिए केदारनाथ गए थे। केदारनाथ में विधि विधान के साथ कार्य सम्पन्न कर वापस लौट रहे थे। सुबह करीब पांच बजे जब वे थल से पिथौरागढ़ की तरफ आ रहे थे, तभी थल से लगभग 12 किमी दूर मुवानी के पास वाहन अनियंत्रित होकर डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया।

रामगंगा नदी पार स्थित तहसील बेरीनाग के मायल गांव के ग्रामीणों ने वाहन के गिरने की आवाज सुनी, नाले में वाहन की हैडलाइट भी देखी, लेकिन संचार सेवा ध्वस्त होने से ग्रामीण इसकी सूचना नहीं दे सके। रामगंगा नदी के दूसरी तरफ स्थित गांव के ग्रामीण पैदल मुवानी पहुंचे और सुबह उन्होंने स्थानीय लोगों को वाहन दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति देखते हुए खुद बचाव कार्य में जुट गए। युवा दस किमी दूर थल पुलिस थाने गए और पुलिस को दुर्घटना के बारे में बताया। पुलिस, एसडीआरएफ उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस और एसडीआरएफ ने वाहन को कटर से काटा। वाहन में चार लोगों की मौत हो चुकी थी। 3 लोग घायल थे। पुलिस ने तीनों घायलों को निकाला और मुवानी अस्पताल को लाए। घटनास्थल से मात्र डेढ़ किमी दूर अस्पताल पहुंचने तक एक घायल ने दम तोड़ दिया।

इस दुर्घटना में बिग्रेडियर विनोद चंद 65 वर्ष पुत्र विक्रम चंद, निवासी बुंगा हाल निवासी चिमिस्या नौला पिथौरागढ़, नरेंद्र चंद पुत्र कल्याण चंद, निवासी बुंगा पिथौरागढ़, दीपक अवस्थी पुत्र शिव दत्त अवस्थी निवासी पाटन जिला बैतड़ी नेपाल, मनमोहन जोशी पुत्र विशन दत्त जोशी निवासी पाटन सैलड़ नेपाल और रघुवीर चंद पुत्र कुंवर चंद निवासी बुंगा पिथौरागढ़ की मौत हो गई।

हादसे में दीवान चंद 68 वर्ष निवासी बुंगा, पोस्ट आठगांव शिलिंग जिला पिथौरागढ़ और बल बहादुर बिष्ट पुत्र राम सिंह बिष्ट निवासी पोड़ी पोस्ट पाटन, नेपाल घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित सेना पुलिस और सेना के अधिकारियों ने पहुंच कर शोक जताया। एडीएम एफआर चौहान मार्ग बंद होने के उपरांत भी घटनास्थल तक पहुंचे।

Next Story

विविध