अनुराग कश्यप ने लगाया आरोप CAA की खिलाफत करने पर ट्वीटर इंडिया ने घटाये मेरे लाखों फॉलोवर्स

अनुराग ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्वीटर पर एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि CAA और NRC का विरोध करने पर उनके 4 लाख से भी ज्यादा फॉलोअर घटा दिये गये हैं...
जनज्वार। मोदी सरकार द्वारा लागू CAA और NRC का विरोध बड़े पैमाने पर न सिर्फ आम आदमी, बल्कि ख्यात हस्तियों द्वारा भी जा रहा है। सुशांत सिंह, परिणति चोपड़ा, स्वरा भास्कर, जावेद अख्तर, शबाना हाशमी, आयुष्मान खुराना समेत तमाम दिग्गज हस्तियों द्वारा CAA और NRC का खुलकर विरोध किया और अब इस कड़ी में अनुराग कश्यप का नाम भी जुड़ गया है।
हालांकि इन दिग्गजों को इस खिलाफत की कीमत भी चुकानी पड़ी है। परिणति चोपड़ा को जहां बेटी बचाओ अभियान की ब्रांड अम्बेसडर से अलग कर दिया गया है तो सुशांत सिंह से क्राइम का वह शो छीन लिया गया जिसे वे सालों से होस्ट करते आ रहे थे। और दिग्गजों ने भी अपने—अपने तरीके से इसकी कीमत चुकायी है।
पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर CAA और NRC के खिलाफ झंडा बुलंद कर रहे दिग्गज फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप को तो इसकी कीमत हजारों नहीं लाखों में ट्वीटर फॉलोवर्स को गंवाकर चुकानी पड़ रही है। अनुराग कश्यप ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए ट्वीटर पर आरोप लगाया है कि उसने उनके लाखों फॉलोवर कम किये हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ खुलकर बोल कर रहे हैं और उनके बयानों पर विवाद भी हो गया है। पहले भी अनुराग समय—समय पर देश के ज्वलंत मुद्दों पर टिप्पणी करते रहते हैं। अब अनुराग ने अपने एक ट्वीट में माइक्रोब्लॉगिंग साइट को ही घेर लिया है। अनुराग ने ट्विटर पर आरोप लगाया है कि CAA और NRC का विरोध करने पर उनके 4 लाख से भी ज्यादा फॉलोअर घटा दिये गये हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक अनुराग कश्यप के ट्वीटर पर 5 लाख फॉलोअर थे, जो अब घटकर महज 76 हजार रह गए हैं। इतने बड़े पैमाने पर फॉलोवर्स घटने के बाद अनुराग ने ट्विटर के खिलाफ लिखा है कि, "ट्विटर इंडिया ने मेरे फॉलोअर्स काफी कम कर दिए हैं।" अनुराग ने एक स्क्रीनशॉट शेयर किया है जिसमें उनके फॉलोअर्स की संख्या काफी कम नजर आ रही है।
अनुराग कश्यप के इस ट्वीट के बाद उनके कई फॉलोवर्स भी उनके समर्थन में आ गये। कुछ ने उनके 5 लाख और 75 हजार वाले स्क्रीन शॉट्स शेयर किए, तो कुछ ट्वीटर यूजर्स ने अपने आप अनफॉलो होने का आरोप लगाया ट्वीटर पर लगाया है। लोगों ने ट्वीटर इंडिया को सीधे टैग करते हुए इस पर सवालिया निशान लगाया है। कुछ ने पूछा कि इसके पीछे कहीं कोई राजनीति तो नहीं। कुछ यूजर्स ने पूछा कि हमने अनफॉलो नहीं किया, तो यह कैसा हुआ?
गौरतलब है कि अनुराग कश्यप ने 4—5 महीने बाद ट्वीटर ज्वाइन किया था। पिछले दिनों उन्होंने यह कहते हुए ट्वीटर छोड़ दिया था कि यदि मैं बिना डरे अपने मन की बात इस प्लेटफॉर्म पर नहीं कह सकता तो बेहतर है कि मैं बोलूंगा ही नहीं। गुड बाय सभी को।' तब अनुराग की बेटी को खुलेआम रेप और उन्हें जान से मारने की धमकियां ट्वीटर के माध्यम से ही दी जा रही थीं।
उसके महीनों बाद हाल ही में ट्वीटर पर वापसी करते हुए अनुराग ने लिखा था "अब बहुत हो चुका... और ज्यादा खामोश नहीं बैठ सकता।"
अनुराग ने लिखा है, "ये बहुत फासीवादी सरकार है, मुझे बहुत गुस्सा आता है इस बात पर कि वो लोग जो बदलाव ला सकते हैं वो खामोश बैठे हुए हैं।" अनुराग कश्यप ने इस ट्वीट के बाद एक के बाद एक कई ऐसे ट्वीट्स को रीट्वीट किया है, जिसमें देश में हो रहे हिंसक घटनाक्रम के बारे में वीडियो पोस्ट किए गए हैं।"
अनुराग कश्यप ने अपने एक ट्वीट में लिखा था, 'मोदी की भक्ति, देशभक्ति नहीं है। मोदी का विरोध देशद्रोह नहीं है। मोदी भारत नहीं है। MODI IS NOT INDIA... period...










