Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

झारखंड भाजपा की संकल्प यात्रा में शामिल जेपी नड्डा हुए हेमंत सोरेन पर हमलावर, कहा 'मां-बाप का नाम बदलकर लूट रहे हैं जमीन'

Janjwar Desk
30 Oct 2023 11:00 AM GMT
file photo
x

file photo

नड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार भ्रष्टाचार और लूट में डूबी है। यहां शराब माफिया, जमीन माफिया, बालू माफिया और हर तरफ के माफिया दनदना रहे (बढ़ रहे) हैं। महिलाओं के साथ गलत हो रहा है। स्कूल के बाहर से नाबालिग उठा ली जा रही हैं। जंगलराज बनाने वालों को अब जाना होगा....

विशद कुमार की रिपोर्ट

Ranchi news : झारखंड के शहीद सिदो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह से पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा 17 अगस्त 2023 से शुरू की गई संकल्प यात्रा का 28 अक्टूबर को राजधानी रांची के हरमू मैदान में हुए समापन समारोह को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि जमीन की लूट और बहुत सारी गड़बड़ियों के आलोक में ईडी के बुलावे पर हेमंत सोरेन नहीं जा रहे हैं। तारीख पर तारीख मांग रहे हैं। कहते हैं कि उनके पीछे सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियां लगा दी गईं हैं। यदि उन्होंने गड़बड़ियां नहीं की हैं तो कोर्ट का दरवाजा क्यों नहीं खटखटाते?

जेपी नड्डा ने कहा कि हेमंत सोरेन पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने अपने नाम जमीन का टेंडर निकाला। जमीन हड़पने के लिए माता-पिता के नाम भी बदल दिए। जेपी नड्डा ने कहा कि यदि सोरेन में ताकत है तो इन आरोपों को गलत ठहराएं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व उनके नेता आदिवासियों की बात करते हैं, लेकिन आदिवासी हितों का जितना अधिक नुकसान हेमंत सोरेन सरकार में हुआ, उतना पहले कभी नहीं हुआ। मैं खुले मंच से आरोप लगा रहा हूं कि यहां के मुख्यमंत्री अपने नाम से जमीन आवंटित करते हैं। टेंडर अपने नाम करवाते हैं अपने माता-पिता का इस्तेमाल करते हैं।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड की राजधानी रांची में सूबे के मुख्यमंत्री पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जमीन हड़पने के लिए अपने माता-पिता के नाम बदले जा रहे हैंI

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जब रघुवर दास की सरकार थी, नक्सली घटनाएं नहीं थीं, लेकिन झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की सरकार बनते ही ये घटनाएं बढ़ने लगीं हैं। महिलाओं का उत्पीड़न भी बढ़ने लगा। ऐसे में सही समय पर ये संकल्प यात्रा निकाली गई। जेपी नड्डा ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि भगवान बिरसा मुंडा की पवित्र भूमि पर संकल्प यात्रा के समापन में शामिल होने का मुझे मौका मिला। यहां की भीड़ देखकर, लोगों का उत्साह देखकर लग रहा है कि लोगों ने संकल्प ले लिया है कि झारखंड में अगली बार कमल खिलाना है। जेपी नड्डा ने कहा कि हम जानते हैं कि आदिवासियों की चर्चा बहुत लोगों ने की, लेकिन भगवान बिरसा मुंडा की जन्मतिथि को अगर किसी ने जनजातीय गौरव दिवस बनाया, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनाया।

जेपी नड्डा ने आगे कहा कि झारखंड अलग झारखंड की मांग लंबे समय से थी, लेकिन झारखंड बनाने की पहल किसी ने नहीं की। अटल बिहारी वाजपेयी थे, जिन्होंने अलग झारखंड की स्थापना की। झारखंड की संस्कृति को संरक्षित करने का काम अगर किसी ने किया, तो वह भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। जेपी नड्डा ने कहा कि मैं जब भी हेमंत सोरेन की बात सुनता हूं, तो समझ आता है कि इन्होंने केवल वोट की राजनीति की है। आदिवासी वोट का इस्तेमाल किया है।

नड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार भ्रष्टाचार और लूट में डूबी है। यहां शराब माफिया, जमीन माफिया, बालू माफिया और हर तरफ के माफिया दनदना रहे (बढ़ रहे) हैं। महिलाओं के साथ गलत हो रहा है। स्कूल के बाहर से नाबालिग उठा ली जा रही हैं। जंगलराज बनाने वालों को अब जाना होगा।

भाषण के दौरान उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने राजस्थान के दौसा में प्रियंका के द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध दिए गए बयान पर कहा कि आजकल एक महिला नेत्री इलेक्शन टूरिज्म पर निकली हैं। उनके विरुद्ध चुनाव आयोग में भी शिकायत पहुंची है। वह प्रधानमंत्री के विरुद्ध अट्टाहास करते हुए उनके द्वारा दानपात्र में दानराशि डालने पर सवाल उठाती हैं। वे ‘दानपात्र’ को ‘डब्बा’ कहती हैं।

नड्डा ने कहा कि एक दाने से पूरे चावल का पता चलता है, उसी तरह किसी नेता के एक बयान से उसके संस्कार का पता चलता है। ये भारतीय संस्कृति व आस्था को क्या जानें, जिन्होंने किसी मंदिर को नहीं बनाया। इनकी धार्मिक आस्था सिर्फ इलेक्शन टूरिज्म से जुड़ी होती है। 28 अक्टूबर को हुए हरमू मैदान में भाजपा की संकल्प यात्रा की समापन रैली को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के कई नेताओं ने भी संबोधित किया।

Next Story

विविध