Bihar Politics News : लालू का नीतीश पर पलटवार, बोले 'हम काहे किसी को गोली मारेंगे, ऊ अपने आप मर जाएगा'

(तारापुर में चुनावी रैली संबोधित करते हुए लालू यादव)
Bihar Politics News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) फिर अपने पुराने फॉर्म में नजर आ रहे हैं। लालू यादव ने आज बिहार में 6 साल बाद चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के गोली मारने वाले बयान पर पलटवार किया। लालू ने कहा कि हम काहे किसी को गोली मारेंगे, आप अपने मर जाओगे।
लालू का नीतीश को जवाब
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आज तारापुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। जहां उन्होंने अपने अंदाज में नीतीश कुमार को करारा जवाब दिया। लालू ने नीतीश कुमार का नाम लिए बगैर कहा 'नीतीश कुमार की सरकार का विसर्जन हो रहा है। विसर्जन का मतलब निकाल लिया कि हम को मारने वाला है लालू यादव। हम काहे किसी को गोली मारेंगे, ऊ अपने मर जाएगा।' इसके आगे लालू ने कहा कि 'मैं विसर्जन करने आया हूं। तेजस्वी ने कचूमर निकाल दिया है। सभी एकजुट होकर वोट कीजिए। बिहार में विकास का कोई काम नहीं हुआ है। यहां बेरोजगारी है। नीतीश कुमार डर गए हैं।'
नीतीश ने की थी गोली मारने की टिप्पणी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार 26 अक्टूबर को लालू प्रसाद का नाम लिए बगैर उनपर निशाना साधा था। पत्रकारों के सवाल पूछने पर नीतीश ने कहा था कि अच्छा ही होगा कि वो गोली ही मरवा दें। बता दें कि नीतीश कुमार उपचुनाव के प्रचार से लौटने के बाद पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान उनसे सवाल किया गया कि 'लालू जी कह रहे हैं कि पटना में आए ही है नीतीश जी का विसर्जन करने के लिए।' इस सवाल का जवाब देते हुए नीतीश ने कहा था कि 'तो वे गोली ही मरवा दें। सबसे अच्छा यही होगा। बाकी कुछ तो भी नहीं कर सकते हैं। पर अगर चाहे तो गोली मरवा सकते हैं।'
शराबबंदी पर तंज कसा
तारापुर रैली में लालू यादव ने शराबबंदी पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में चूहा शराब पी लेता है। लालू ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि नीतीश ने कोई काम नहीं किया। नीतीश ने कहा था कि विशेष दर्जा दिलाने वाले का साथ देंगे। लेकिन बिहार को अबतक विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला है। नीतीश कहते थे कि मैं मिट्टी में मिल जाऊंगा लेकिन बीजेपी का साथ नहीं जाऊंगा।
चुनाव प्रचार के लिए कुशेश्वरस्थान जाएंगे
बिहार की 2 विधानसभा सीटों तारापुर और कुशेश्वरस्थान के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। जिसके लिए सभी पार्टी जोर-शोर से चुनावी प्रचार में लगी है। लालू यादव भी आज तारापुर में रैली कर रहे हैं। खबर है कि इसके बाद लालू यादव चुनावी प्रचार करने कुशेश्वरस्थान जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बिहार की सियासत में लालू यादव के एंट्री से चुनावी समीकरण बदलने के आसार हैं। लालू के आने से आरजेडी समर्थकों में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। बता दें कि इन 2 सीटों पर 30 अक्टूबर को मतदान होना है। 2 नवंबर को नतीजे घोषित होंगे। जिससे यह हो जाएगा कि जनता किसके पक्ष में हैं।











