Begin typing your search above and press return to search.
समाज

उत्तराखण्ड में दूल्हा बदलने का आरोप लगा ससुराल की ड्योढ़ी से मायके वापस लौटी दुल्हन, पंचायत में लेनदेन निबटाकर तोड़ा संबंध

Janjwar Desk
28 Nov 2022 1:03 PM GMT
उत्तराखण्ड में दूल्हा बदलने का आरोप लगा ससुराल की ड्योढ़ी से मायके वापस लौटी दुल्हन, पंचायत में लेनदेन निबटाकर तोड़ा संबंध
x

file photo

दुल्हन का कहना था कि उसकी शादी किसी और से तय हुई थी, लेकिन शादी किसी और से कर दी गई। विवाह तय करते समय जिस लड़के की फोटो उसे दिखाई गई थी, निकाह करने वाला लड़का उससे अलग है.....

kashipur news : शोरूम में रखा चमचमाता माल दिखाकर अगर आपको कोई दुकानदार गोदाम में रखे टूटे फूटे सामान की डिलिवरी कर दे तो जो आप पर बीतेगी, उससे भी ज्यादा उस दुल्हन पर बीती, जिसका निकाह दिखाए गए लड़के की बजाय किसी और के साथ करके ससुराल के लिए विदा कर दिया। नए दूल्हे के साथ कार में सवार होकर ससुराल पहुंची भन्नाई दुल्हन ने ससुराल पहुंचने के बाद कार से उतरने से ही इंकार कर दिया। अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी के खिलाफ प्रतिकार करते हुए वापस अपने मायके लौट गई। ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में हुई शादी की अब पूरे क्षेत्र में चर्चा है।

दरअसल बाजपुर के दोराहा पुलिस चौकी क्षेत्र के रम्पुरा शाकर गांव के एक युवक जी शादी यूपी के जिला मुरादाबाद के भगतपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हुई थी। विवाह का दिन तारीख तय होने के बाद दूल्हा पक्ष के लोग तय समय पर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंच गए। दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारात का अच्छे से स्वागत करते हुए उन्हें भोजन आदि करा दिया। भोजन के बाद पूरी रस्मों के साथ युवक युवती का निकाह किया गया। इसके अगले दिन सुबह बेटी को परिजनों ने दूल्हे के साथ भीगी पलकों के साथ विदा भी कर दिया।

दुल्हन दूल्हे के साथ कार में बैठकर अपनी ससुराल के लिए रवाना हो गई। इधर दूल्हे के घर सभी लोग भी दुल्हन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर जैसे ही अपने घर बाजपुर पहुंचा तो यहां पर हंगामा शुरू हो गया। बारात के घर पहुंचने के बाद ससुराल पक्ष की महिलाएं दुल्हन को घर के अंदर ले जाने को कार से उतारने लगीं तो दुल्हन ने घर में जाने से मना कर दिया, जिसके बाद से भौचक्के रह गये।

कार से उतरने से साफ इनकार करने की दुल्हन की बातें सुन दूल्हा पक्ष हैरान रह गया। जब इसका कारण दूल्हे पक्ष के लोगों ने जानना चाहा तो सभी दंग रहे गये। दुल्हन का कहना था कि उसकी शादी किसी और से तय हुई थी, लेकिन शादी किसी और से कर दी गई। विवाह तय करते समय जिस लड़के की फोटो उसे दिखाई गई थी, निकाह करने वाला लड़का उससे अलग है। दूल्हा पक्ष के लाख समझाने के बाद भी दुल्हन ने कार से उतरने को तैयार नहीं हुई, जिसके बाद दूल्हन अपने मायके वापस लौट गई।

इधर दुल्हन के मायके पहुंचने पर दुल्हन पक्ष के लोग भी हैरान हो गये। सभी ने दुल्हन से पूछा तो उसने बताया कि उसका निकाह जिस लड़के के साथ तय हुआ था, निकाह करने वाला शख्स दूसरा है। उसकी शादी किसी और लड़के को दिखाकर किसी और दूसरे लड़के से करा दी गई है। दुल्हन ने बताया कि कार में बैठने के बाद जब उसने शौहर का चेहरा देखा तो तब इसका पता चला।

दुल्हन की बातें सुनकर दुल्हन के माता-पिता भी हैरान रह गये। इसके बाद पंचायत बुलाई गई, जिसमें हुए निर्णय के बाद दूल्हे ने दूल्हन पक्ष की ओर से मिले गहने और सभी सामान वापस कर दिए और दोनों अपने-अपने घरों को चले गए। मामले में दोराहा चौकी इंचार्ज देवेंद्र राजपूत ने बताया कि दुल्हन अपने घर जाने की जिद पर अड़ी थी। इसके बाद दुल्हन देर रात अपने मायके लौट गई थी। अभी इस मामले में किसी पक्ष ने पुलिस को किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी है।

Next Story

विविध