Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

बिहार चुनाव : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जारी किया वीडियो संदेश, दिल्ली और पटना में बंदी सरकार

Janjwar Desk
27 Oct 2020 4:54 AM GMT
बिहार चुनाव : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जारी किया वीडियो संदेश, दिल्ली और पटना में बंदी सरकार
x
सोनिया गांधी ने कहा है कि बिहार व दिल्ली में बंदी सरकारें हैं, जिन्होंने सबकुछ बंद कर दिया है, इसलिए बदलाव के लिए महागठबंधन उम्मीदवारों को वोट दें...

जनज्वार। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए होने वाली वोटिंग से पहले एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से महागठबंधन के पक्ष में वोट देने की अपील की है। सोनिया गांधी ने कहा कि दिल्ली व बिहार की सरकारें बंदी सरकार हैं - नोट बंदी, तालाबंदी, आर्थिक बंदी, खेत खलिहान बंदी, रोजी-रोटी बंदी। इसलिए बंदी सरकार के खिलाफ और अगली नस्ल व फसल के लिए बिहार की जनता तैयार है। उन्होंने कहा कि अब बदलाव की बयार है और नई इबारत लिखने का वक्त आ गया है।


सोनिया गांधी ने कहा कि बिहार में सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार अपने रास्ते से अलग हट गई है और न उनकी कथनी अच्छी है और न करनी। मजदूर आज मजबूर है, किसान परेशान है। नौजवान आज निराश है। अर्थव्यवस्था की नाजुक स्थिति लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। धरती के बेटों पर गंभीर संकट है।

सोनिया गांधी ने कहा कि दलितों एवं महादलितो को बदहाली के कगार पर लाकर रख छोड़ दिया है। समाज के पिछड़े वर्ग भी इस बदहाली के शिकार हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आज कांग्रेस महागठबंधन के साथ है और यही जनता की पुकार है।


सोनिया गांधी ने कहा कि बिहार के हाथों में हुनर है, लेकिन बंदी, बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, भुखमरी ने उनकी आंखों में आंसू और पैरों में छाले दे दिए हैं। जो शब्द कहे नहीं जा सकते हैं उसे आंसूओं से कहे जा सकते हैं। भय, अपराध, डर व खौफ के आधार पर नीति व सरकारें खड़ी नहीं की जा सकती हैै। बिहार भारत का आईना है, शान भी है, अभिमान भी है।

बिहार के मजदूर, किसान, युवा भाई बहन सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि पूरे भारत और दुनिया के कोने-कोने में हैं। आज वहीं बिहार नए बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सवाल बेरोजगारी, खेती बचाने, रोटी और रोजगार का है। सवाल बेलाम अपराध पर रोक लगाने का है। उन्होंने कहा कि इसलिए आज वक्त है कि वर्तमान से भविष्य की ओर बढने का वक्त है। उन्होंने अपील की कि बिहार के मतदाता नए बिहार के निर्माण के लिए महागठबंधन के उम्मीदवारों को मत दें।

Next Story