Begin typing your search above and press return to search.
बिहार चुनाव 2020

प्रत्याशी ने मंच पर ही फाड़ लिया कुर्ता और कर ली प्रतिज्ञा, क्षेत्र जिला बनेगा तभी फिर पहनेंगे कुर्ता

Janjwar Desk
22 Oct 2020 1:30 AM GMT
प्रत्याशी ने मंच पर ही फाड़ लिया कुर्ता और  कर ली प्रतिज्ञा, क्षेत्र जिला बनेगा तभी फिर पहनेंगे कुर्ता
x

Photo: social media

समस्तीपुर जिला के रोसड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी ने भरी सभा में मंच पर अपना कुर्ता फाड़ डाला, कुर्ता फाड़ कर उन्होंने यह भीष्म प्रतिज्ञा किया कि जब तक अपने क्षेत्र को जिला नहीं बनवा लेंगे तब तक कुर्ता धारण नहीं करेंगे....

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार चुनाव में एक से एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। कटिहार में एक प्रत्याशी गंदगी की समस्या दिखाने के लिए गंदे नाले में कूद गए तो समस्तीपुर के रोसड़ा में एक प्रत्याशी ने कुर्ता फाड़ प्रतिज्ञा कर ली। जनता और मीडिया का अटेंशन पाने के लिए भी कई प्रत्याशी तरह-तरह के जतन कर रहे हैं।

समस्तीपुर जिला के रोसड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी ने भरी सभा में मंच पर अपना कुर्ता फाड़ डाला। कुर्ता फाड़ कर उन्होंने यह भीष्म प्रतिज्ञा किया कि जब तक अपने क्षेत्र को जिला नहीं बनवा लेंगे तब तक कुर्ता धारण नहीं करेंगे।

रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी नागेंद्र कुमार विकल हैं। उन्होंने सार्वजनिक मंच पर एक बड़ी प्रतिज्ञा की है। उन्होंने भरी सभा में अपना कुर्ता फाड़ा और कहा कि जब तक वे रोसड़ा को समस्तीपुर जिला से अलग करा कर जिला नहीं बनवा लेंगे तब तक कभी कुर्ता नही पहनेंगे। अब से वे सिर्फ धोती पहन कर ही रहेंगे। कांग्रेसी उम्मीदवार की इस प्रतिज्ञा की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

रोसड़ा विधानसभा में इस बार जिला बनाने का मुद्दा बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया है। कांग्रेसी उम्मीदवार से भी इसे लेकर मतदाता सवाल कर रहे थे, चूंकि इस सीट पर पिछली बार कांग्रेस के ही अशोक कुमार चुनाव जीते थे। इसके बाद उन्होंने यह कुर्ताफाड़ प्रतिज्ञा कर ली है। उनका कुर्ता फाड़कर प्रतिज्ञा लेना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। कांग्रेस उम्मीदवार के लिए प्रचार कर रहे नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिज्ञा के बाद जीत का दावा किया है।

उधर इस मांग को बढ़ते देख बीजेपी ने भी रोसड़ा को जिला बनाने का वादा कर लिया है। रोसडा से बीजेपी के प्रत्याशी ने भी रोसड़ा को जिला बनाने का वादा किया है। बीजेपी उम्मीदवार ने कहा कि जब वे जीत कर विधानसभा पहुंचेंगे तो जनता की इस मांग को पूरा करने का प्रयास करेंगे।

उल्लेखनीय है कि रोसड़ा क्षेत्र से कांग्रेस के डॉ अशोक कुमार विधायक हुआ करते थे। इस दफे उन्होंने अपनी सीट बदल ली है। अशोक कुमार दरभंगा के कुशेश्वर स्थान से चुनाव लड़ रहे हैं। डॉ अशोक कुमार ने भी रोसड़ा को जिला बनवाने का वादा किया था लेकिन वह अपने वादे को पूरा नहीं कर पाए। अशोक कुमार के वादा नहीं पूरा करने के कारण कांग्रेसी उम्मीदवार को लोगों का आक्रोश झेलना पड़ रहा था।

Next Story

विविध