Begin typing your search above and press return to search.
अंधविश्वास

संतान न होने पर तांत्रिक बोला घर में है बुरा साया, इलाज के लिए महिला को बुला किया सामूहिक दुष्कर्म

Janjwar Desk
20 Jan 2021 5:29 PM GMT
संतान न होने पर तांत्रिक बोला घर में है बुरा साया, इलाज के लिए महिला को बुला किया सामूहिक दुष्कर्म
x

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

संतान नहीं होने पर झाड़-फूंक के बहाने बुलाकर तांत्रिक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर महिला के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया, पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है..

जनज्वार ब्यूरो, पटना। अंधविश्वास के फेरे में पड़कर लोग अक्सर अपना नुकसान करा लेते हैं, पर इसकी जड़ें समाज में इतनी गहरी बैठी हुई हैं कि लोग इसके चंगुल में फंस जाते हैं। तांत्रिक और ओझा-गुनी के चक्कर में पड़ जान-माल गंवा देने से लेकर अन्य कई तरह की खबरें लगातार सामने आती रहती हैं।

खासकर बिहार जैसे आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े राज्यों में ऐसी घटनाएं ज्यादा सामने आतीं हैं। राज्य के मुजफ्फरपुर जिला से एक ऐसी ही घटना फिर सामने आई है, जहां संतान की चाहत में गई एक महिला के साथ कथित तांत्रिक द्वारा गैंगरेप की घटना को अंजाम दे दिया गया।स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र की बताई जाती है।

आरोप है कि एक महिला के साथ तांत्रिक और उसके दोस्त ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया है। संतान नहीं होने पर महिला को तांत्रिक ने झाड़-फूंक करने के बहाने बुलाकर तांत्रिक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर महिला से दुष्कर्म किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।

पीड़ित महिला ने स्थानीय हथौड़ी थाना में इसकी शिकायत करते हुए आवेदन दिया है। महिला ने एक तांत्रिक और उसके सहयोगी के ऊपर सामूहिक दुष्कर्म का करने का आरोप लगाया है। आरोपी तांत्रिक भदई पंचायत के पितौझिया गांव का रहने वाला विनोद भगत बताया जा रहा है।

पुलिस को दिए गए आवेदन में महिला ने बताया है कि वह 6 महीने पहले पितौझिया गांव के साहपुर भगवती स्थान पूजा करने आई थी। पूजा पाठ के दौरान पुजारी विनोद भगत से मुलाकात हुई।

पूजा के दौरान पुजारी विनोद भगत ने महिला को संतान नहीं होने के पीछे घर में बुरा साया होने की वजह बताई। आरोप के अनुसार तांत्रिक ने कहा कि वह इसका इलाज कर देगा। एक दिन तांत्रिक ने महिला को पूजा पाठ के लिए शाहपुर भगवती स्थान बुलाया और मौका देख कर अपने सहकर्मी के साथ मिलकर बलात्कार किया।

मुजफ्फरपुर जिला के हथौड़ी थाने के थानाध्यक्ष विनोद दास ने मीडिया को बताया कि महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपित तांत्रिक विनोद भगत और उसके सहयोगी को पुलिस तलाश रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा और उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story

विविध