Begin typing your search above and press return to search.
अंधविश्वास

UP : 5 दिन पहले घर से गायब बेटे का मां ने सपना देखकर खोला मौत का रहस्य, पुलिस हुई हैरान

Janjwar Desk
20 March 2021 6:52 AM GMT
UP : 5 दिन पहले घर से गायब बेटे का मां ने सपना देखकर खोला मौत का रहस्य, पुलिस हुई हैरान
x

मृतक पशु व्यापारी आमीन, मां ने किया सपने में दिखाई दी थी बेटे की लाश, निशानदेही पर हुआ खुलासा

मृतक युवक आमीन की मां हूरा ने दावा किया कि उसे गुरुवार 18 मार्च को सोते हुए सपना आया और सपने में आमीन उसे गांव के आसपास मिट्टी में दबा हुआ दिखाई दिया, इसके बाद परिजनों ने अमीन की खोज की तो उसका शव मिला...

जनज्वार, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित खरखौदा क्षेत्र में बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल यहां के हाजीपुर का रहने वाला यामीन पांच दिन पहले लापता हो गया था। इसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

दूसरी तरफ मृतक की मां हूरा ने दावा किया कि उन्हें सपना आया था कि उसके बेटे की हत्या कर दी गई है। यह बात सुनकर हर कोई हैरान है, क्योंकि पुलिस को यामीन की मां के स्वप्न की बात वाली निशानदेही पर उसका शव मिल चुका है।

जानकारी के मुताबिक मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र स्थित हाजीपुर गांव निवासी 22 वर्षीय यामीन उर्फ आमीन दिल्ली में पशुओं का व्यापार करता था। वह बीती 13 मार्च को अपने घर पर आया था। यामीन 13 मार्च की शाम को करीब छह बजे घर से यह कहकर निकल गया कि कुछ समय बाद लौट आऊंगा। इसके बाद वह नहीं लौटा तो परिजनों ने गुरुवार 18 मार्च को थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।

इससे पहले परिजनों ने उसे आसपास के जंगलों में भी ढूंढ़ा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। मीडिया में आई जानकारी के मुताबिक 19 मार्च की सुबह यामीन की बहन मोहसिना और रहीसा इधर-उधर तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान ईदगाह के पास एक चारदीवारी के अंदर उन्हें दुर्गंध आई तो उन्होंने आसपास खोजने का प्रयास किया। दोनों ने देखा तो उन्हें आमीन का सड़ी—गली हालत में शव एक गड्ढे में पड़ा मिला। शव को कूड़े से ढका हुआ था। पीड़ित परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की।

परिजनों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के पिता बक्शी ने डासना निवासी चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मृतक के पिता का कहना है कि आमीन के ननिहाल डासना में एक युवती की हत्या हो गई थी। इसमें आमीन भी नामजद किया गया था, लेकिन पुलिस जांच में निर्दोष पाए जाने पर उसका नाम निकल गया था। तभी से वे लोग आमीन से रंजिश रख रहे थे। मृतक के पिता ने चार लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है।

मृतक आमीन की मां हूरा ने दावा किया कि गुरुवार 18 मार्च को उसे सोते हुए सपना आया और सपने में आमीन उसे गांव के आसपास मिट्टी में दबा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने अमीन की खोज की तो उसका शव बरामद किया गया। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस मामले में एसएचओ संजय शर्मा का कहना है कि सभी बिंदुओं के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं सीओ किठौर ब्रजेश सिंह का कहना है कि मृतक की मां ने बताया है कि उसे सपना आया था। इस मामले में भी जांच की जा रही है।

Next Story

विविध