Begin typing your search above and press return to search.
पर्यावरण

Aaj ka Mausam, 20 October: दक्षिण के बाद अब पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड-हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड

Janjwar Desk
19 Oct 2021 5:58 PM GMT
Aaj ka Mausam, 20 October: दक्षिण के बाद अब पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड-हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड
x
Aaj ka Mausam, 20 October: भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक बारिश हो सकती है। अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना है...

Aaj ka Mausam, 20 October: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से तापमान में गिरावट हुई है। उत्तराखंड, हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी के कारण पारा 9 से 12 डिग्री तक नीचे चला गया है। वहीं मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रहे भीषण बारिश से कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। केरल में हो रही भारी बारिश से नदी और तालाब उफान पर हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण राज्य के 10 बांधों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी मंगलवार को भारी बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक बारिश हो सकती है। अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में मौसम की पहली बर्फबारी

उत्तराखंड के चार धाम में मौसम का पहला हिमपात हुआ है। बदरीनाथ, केदारनाथ समेत गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी हुई। मौसम की पहली बर्फबारी के साथ ही उत्तराखंड में 48 घंटे के अंदर तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, हिमाचल और कश्मीर के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी हुई जिससे ठंड बढ़ गई है। वहीं, रविवार से हो रहे बारिश के चलते मंगलवार को उत्तराखंड में हालात बेकाबू हो गए। कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। राज्य में राहत बचाव कार्य लगातार जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे उत्तराखंड के लिए राहत भरे हो सकते हैं क्योंकि इस दौरान राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा अभी स्थगित रहेगी। राज्य में लगभग 10 हजार श्रद्धालु यात्रा पड़ावों पर रुके हुए हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में शनिवार शाम तक पहुंचे श्रद्धालुओं को सुरक्षित पड़ावों तक लाया जा रहा है। दोनों धामों में अब भी करीब पांच हजार श्रद्धालु वापसी के लिए मौसम के सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

दिल्ली में ठंड ने दी दस्तक

राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों की बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से अधिकतम तापमान में नौ डिग्री तक गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की ठंडक का असर अब दिल्ली में भी देखने को मिलेगा। हालांकि, दिल्ली में अब बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट के साथ ठंड के धीरे-धीरे बढ़ने के आसार है।

केरल की नदियां उफान पर

केरल में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से अबतक 35 लोगों की मौत की खबर है। केरल में तेज बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बाढ़ के मद्देनजर 10 बांधों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां कक्की डैम की दो फाटकों को खोल दिया गया है। सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा के मंदिर की यात्रा पर भी फिलहाल पाबंदी लगा दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान के मुताबिक, केरल, माहे और तमिलनाडु में 20 और 21 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 20-23 अक्टूबर के बीच दक्षिण आंतरिक कर्नाटक भी बारिश संभव है।


पिछले 24 घंटो में यहां हुई बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटो के दौरान यूपी और उत्तराखंड में अत्यंत भारी बारिश हुई। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 40 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से भारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान, हिमाचल प्रदेश, अंडामान निकोबार, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, त्रिपुरा, ओडिशा, झारखंड, बिहार में भारी बारिश हुई।

अगले 24 घंटों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। इन जगहों पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिहार, असम और मेघालय में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान के मुताबिक, इन तीनों जहगों पर भारी से भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं, भारी बारिश के बाद उत्तराखंड में अगले 24 घंटे के दौरान राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा,गंगीय पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभव है।

इन जगहों पर गरज और बिजली के साथ होगी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ गरज और बिजली की भी संभावना है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरुरत है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और दक्षिण में केरल और माहे में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है।

बता दें कि मौसम विभाग द्वारा 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा वर्षा की संभावना होने पर रेड अलर्ट, 6 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश की संभावना पर ऑरेंज अलर्ट और 6 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश की संभावना पर येलो अलर्ट जारी किया जाता है।

Next Story