Begin typing your search above and press return to search.
सिक्योरिटी

सोनू निगम ने चेताया, म्यूजिक इंडस्ट्री से भी आ सकती है आत्महत्या की खबर, सलमान पर लगाया ये बड़ा आरोप

Janjwar Desk
19 Jun 2020 4:25 AM GMT
सोनू निगम ने चेताया, म्यूजिक इंडस्ट्री से भी आ सकती है आत्महत्या की खबर, सलमान पर लगाया ये बड़ा आरोप
x
फिल्मों और म्यूजिक इंडस्ट्री पर कब्जा जमाये लोगों पर हमलावर हुए सोनू निगम, कहा मैंने नई सिंगर्स, नए कंपोजर्स, नए गीतकार की आंखों में देखी है उलझन, खुलकर रोते हैं वो कभी-कभी, अगर वो मर गए तो आपके ऊपर सवाल खड़े होंगे...

जनज्वार। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद अभिनेता-अभिनेत्रियों और तमाम दूसरे लोगोंं ने बॉलीवुड का कच्चा चिट्ठा खोलना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में अब मशहूर गायक सोनू निगम सामने आये हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि फिल्मों से भी बुरा हाल म्यूजिक इंडस्ट्री का है, जहां एक—दो लोग पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री पर कब्जा जमाये हुए हैं।

सोशल मीडिया पर अपना वीडियो पोस्ट करते हुए सोनू निगम (Sonu Nigam) ने सुशांत सिंह राजपूत की की मौत के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री (Music Industry) में गायकों का हाल बताते हुए कहा है कि चमक-धमक भरी इस दुनिया में कितने पापड़ बेलने पड़ते हैं और कैसे सिर्फ एक-दो लोग इसके आका बने हुए हैं। इसी के साथ बिना नाम लिये सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के लिए आरोपी बनाये गये सलमान खान पर बड़े आरोप लगाये हैं।

सोनू निगम कहते हैं, पूरा भारत कई प्रेशर से गुजर रहा है। एक तो मेंटल और इमोशनल प्रेशर, सुशांत सिंह राजपूत के जाने के बाद में। दुख होना लाजमी भी है, क्योंकि अपने सामने एक जवान जिंदगी को जाते हुए देखना आसान नहीं है। कोई बहुत निष्ठुर ही होगा, जिसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता हो। इसके अलावा भारत-चीन के बीच जो चल रहा है,जिसमें भारत के 20 जवान जो घंटों लड़ने के बाद, तड़प-तड़प कर मरे हैंं मैं एक भारतीय हूं लेकिन उससे भी ज्यादा एक इंसान हूं आपकी तरहं मुझे दोनों ही चीजें ठीक नहीं लगतींं क्या चल रहा है मारा-मारी। इंसान, इंसान को मार रहा है। ये चीजें समझदारी से भी हैंडल हो सकती हैं अगर इंसान चाहे तो. भारत तो चाहता है लेकिन सामने वाला शायद तैयार नहीं है या फिर उसका एजेंडा है कोई, जो दुख की बात है सभी लोगों के लिए।'

सोनू निगम कहते हैं, 'मैं एक रिक्वेस्ट करना चाहता हूं, खासकर म्यूजिक इंडस्ट्री से। क्योंकि आज सुशांत सिंह राजपूत मरा है, एक एक्टर मरा है, कल को आप किसी सिंगर के बारे में भी ऐसा सुन सकते हैं या फिर किसी म्यूजिक कंपोजर के बारे में भी या किसी गीतकार के बारे में सुन सकते हैं, क्योंकि म्यूजिक इंडस्ट्री का जो माहौल है हमारे देश में, फिल्मों से बड़ा माफिया म्यूजिक इंडस्ट्री में है दुर्भाग्य से। मैं समझ सकता हूं कि बिजनेस करना जरूरी है लोगों के लिए। सभी को लगता है कि वो बिजनेस को रूल करें। मैं लकी था कि बहुत कम उम्र में आ गया था तो मैं इस चंगुल से निकल गया, लेकिन जो नए बच्चे आए हैं उनके लिए बहुत मुश्किल है। मैं सबसे बात करता हूं. कितने लड़के-लड़कियां मुझसे इस बारे में बात करते हैं। वो बच्चे हैं, परेशान हैं वो कि निर्माता काम करना चाहते हैं, निर्देशक काम करना चाहते हैं, म्यूजिक कंपोजर काम करना चाहते हैं, लेकिन म्यूजिक कंपनी बोलेगी कि ये हमारा आर्टिस्ट नहीं है। मैं समझ सकता हूं कि आपलोग बहुत बड़े हैं, आप लोग म्यूजिक इंडस्ट्री को कंट्रोल करते हैं कि रेडियो में क्या बजेगा, फिल्मों में... लेकिन ऐसा मत कीजिए। दुआ-बद्दुआ बहुत बड़ी चीज होती है। ये ठीक नहीं है। ये जो दो लोगों के हाथों में ताकत है न, दो लोग हैं बस म्यूजिक इंडस्ट्री के, दो कंपनी है। उनके हाथों में ताकत है कि वो तय करें कि इसको गवाओ, इसको मत गवाओ...'

बिना नाम लिये सलमान खान पर हमलावर होते हुए सोनू निगम ने कहा, 'मैंने नई सिंगर्स, नए कंपोजर्स, नए गीतकार की आंखों में वो उलझन देखी है। खुलकर रोते हैं वो कभी-कभी। अगर वो मर गए तो आपके ऊपर भी सवाल खड़े होंगे। ये सब गंधर्व लोग हैं, इन्हें प्रताड़ित मत कीजिए। इनके साथ तोड़े इजी रहिए, मेरे साथ ऐसा हो सकता है कि मेरे गाने कोई दूसरा एक्टर तय करें। वही एक्टर जिस पर आज कल लोग उंगलियां उठ रहे हैं, वो कह रहा है कि इससे गाने मत गवाओ। उसने अरिजीत सिंह के साथ भी ऐसा कर रखा है।

सोनू आगे कहते हैं, 'मैंने कितने गाने गा रखे हैं, जिसकी डबिंग हो चुकी है। सोचिए मैंने आपसे काम नहीं मांगा, लेकिन आप मुझे बुला के मुझसे गाने गवा के फिर मेरे गाने डब करना, ये क्या है। म्यूजिक इंडस्ट्री में 1989 से काम कर रहा हूं... आप जब मेरे साथ ऐसा कर सकते हैं तो फिर छोटे बच्चों के साथ क्या कर रहे होंगे? थोड़े से इजी हो जाओ, एक ही गाने को 9-9 लोगों से गंवाते हो, ये क्या चल रही है।'

Next Story

विविध