Begin typing your search above and press return to search.
आजीविका

फसल की सही कीमत और कर्ज से परेशान नौजवान किसान ने किया सुसाइड, 20 दिन तक था किसान आंदोलन में शामिल

Janjwar Desk
21 Dec 2020 7:23 AM GMT
फसल की सही कीमत और कर्ज से परेशान नौजवान किसान ने किया सुसाइड, 20 दिन तक था किसान आंदोलन में शामिल
x

photo : social media

बाबा राम सिंह की आत्महत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ पाया था कि अब एक और किसान ने आत्महत्या कर ली, किसान आंदोलन में 20 दिन तक भाग लेने के बाद घर लौटे नौजवान किसान गुर लाभ सिंह ने क्षुब्ध होकर सल्फास की गोली खा सुसाइड कर लिया ....

नई दिल्ली। किसान आंदोलन और सरकार की प्रतिक्रिया से दुखी होने के बाद बाबा राम सिंह की आत्महत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ पाया था कि अब एक और किसान ने आत्महत्या कर ली। किसान आंदोलन में 20 दिन तक भाग लेने के बाद घर लौटे नौजवान किसान गुर लाभ सिंह ने क्षुब्ध होकर सल्फास की गोली खाकर सुसाइड कर लिया है।

किसान गुर लाभ सिंह पंजाब स्थित बठिंडा जिले के गांव दयालपुरा मिर्ज़ा के रहने वाले थे। वह दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन से दो दिन पहले यानी शुक्रवार 18 दिसंबर की देर शाम अपने घर लौटे थे। शनिवार 19 दिसंबर की सुबह वह अपने खेतों पर टहलने निकले और वहीं सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही गांव वालों को उनकी खबर लगी, तो उन्हें पास के ही अस्पताल ले जाया गया।

सुसाइड करने से पहले गुर लाभ सिंह ने अपने परिवार के लोगों से बातचीत में कहा था कि उसके पास जमीन कम है, उसमें भी जो फसल उगती है उसकी सही कीमत नहीं मिलती। ऊपर से सिर पर कर्ज है। इतनी सी कमाई में कर्ज कैसे उतरेगा। गुर लाभ सिंह की उम्र महज 22 साल थी। अभी उनकी शादी भी नहीं हुई थी। आसपास के लोगों के अनुसार गुर लाभ सिंह अपने क्षेत्र का अच्छा खिलाड़ी माना जाता था।

पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में आत्महत्या का कारण कर्ज बताया है, जिससे कि किसान परेशान था। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि नौजवान के परिवार पर लाखों रुपये का कर्ज था, जिससे गुर लाभ सिंह परेशान था। मृतक गुर लाभ सिंह के दो भाई और एक बहन भी थी। एक भाई और बहन की शादी हो चुकी है।

Next Story

विविध