Begin typing your search above and press return to search.
संस्कृति

मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का निधन, 20 जून को अस्पताल में हुई थीं भर्ती

Janjwar Desk
3 July 2020 2:32 AM GMT
मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का निधन, 20 जून को अस्पताल में हुई थीं भर्ती
x
भारतीय फिल्म जगत की सबसे सफल डांस डायरेक्टर सरोज खान का शुक्रवार तड़के मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने भारतीय फिल्म में नृत्य को एक नई शैली व पहचान दी...

जनज्वार। मशहूर फिल्म कोरियोग्राफर सरोज खान का शुक्रवार (तीन जुलाई 2020) को तड़के 2.20 बजे मुंबई में निधन हो गया। सरोज खान को 20 जून को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सरोज खान मधुमेह से भी पीड़ित थीं। उनके गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिसके बाद उनका निधन हो गया। बीमार होने के बाद सरोज खान का कोरोना टेस्ट भी कराया गया था लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सरोज खान का जन्म 22 नवंबर 1948 को मुंबई में हुआ था। सरोज खान ने अपने लंबे कैरियर में 200 से अधिक फिल्मों के लिए काम किया।

सरोज खान का परिवार विभाजन के बाद पाकिस्तान से भारत आया था। उनका बचपन का नाम निर्मला था और उन्होंने मात्र तीन साल की उम्र में एक फिल्म में बाल कलाकार का किरदार निभाया था। सरोज खान ने बी सोहनलाल से कोरियाग्राफी का प्रशिक्षण लिया और असिस्टेंट कोरियोग्राफर के रूप में कैरियर आरंभ किया। 1974 में फिल्म गीता मेरा नाम के लिए उन्होंने पहली बार स्वतंत्र कोरियोग्राफर के रूप में काम किया और फिर आने वाले सालों में हिंदी फिल्म उद्योग की सबसे सफल कोरियोग्राफर के रूप में वे स्थापित हो गईं।

सरोज खान डांस प्रशिक्षण के लिए अपना एक एकेडमी भी चलाती थीं। हिंदी फिल्मों की दो बड़ी अभिनेत्री श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित के लिए उनके द्वारा की गई कोरियाग्राफी ने उन दोनों एक्ट्रेस को भी फिल्म जगत में स्थापित होने व एक बड़ी एक्ट्रेस की पहचान बनाने में मदद की।

श्रीदेवी की मिस्टर इंडिया फिल्म में हवा हवाई गाना की कोरियोग्राफी उन्होंने ही कराई थी। इसके अलावा नगीना, चांदनी जैसी सफल फिल्मों की वह कोरियोग्राफर थीं। उन्होंने माधुरी दीक्षित के लिए फिल्म तेजाब की एक दो तीन गाने की कोरियोग्राफी करवायी। इसके अलावा थानेदार, बेटा व गुलाबी गैंग जैसी फिल्मों की भी कोरियोग्राफर रहीं।

सरोज खान जनवरी में उस वक्त चर्चा में आई थीं जब उन्होंने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य पर अपने डांसर्स का शोषण करने और अपने पद का गलत उपयोग करते हुए सिने डांसर्स एसोसिएान को बदनाम करने का आरोप लगाया था। उन्होंने तब कहा था कि वे कलाकारों को गणेश आचार्य से नहीं जुड़ने को कहेंगी।

Next Story

विविध