Begin typing your search above and press return to search.
आंदोलन

#FarmersProtest पंजाब से पहुंचे हैं सात लाख लोग, यूपी के किसान बोले - आज जंतर-मंतर या संसद करेंगे कूच

Janjwar Desk
29 Nov 2020 4:40 AM GMT
#FarmersProtest पंजाब से पहुंचे हैं सात लाख लोग, यूपी के किसान बोले - आज जंतर-मंतर या संसद करेंगे कूच
x
दिल्ली के चारों ओर सीमाओं पर लाखों किसान जुटे हुए हैं। सिंघु व टिकरी बाॅर्डर पर जुटे किसानों ने आज वहीं प्रदर्शन करने की बात कही है, जबकि गाजीपुर बाॅर्डर पर जुटे किसानों ने आज संसद कूच करने का ऐलान किया है...

जनज्वार। पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों के किसान दिल्ली से लगी विभिन्न राज्यों की सीमाओं पर पांचवें दिन भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बाॅर्डर व टिकरी बाॅर्डर पर हजारों किसान जुटे हुए हैं और मोदी सरकार के कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े हैं।


सिंघु बाॅर्डर से दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दिए जाने से जहां किसान ठंड में रास्ते पर रहने को मजबूर हैं, वहीं आम यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण यात्रियों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। न्यूज एजेंसी एएनआइ ने एक यात्री रामू के हवाले से लिखा है कि इस कारण उन्हें पांच से छह किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।



वहीं, टिकरी बाॅर्डर पर जुटे किसान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। एक किसान ने कहा कि पंजाब से सात लाख लोग प्रदर्शन करने आए हैं। हम यहीं रहेंगे और सारी सड़कें जाम कर देंगे। उन्होंने कहा कि हम छह महीने का राशन लेकर आए हैं।



टिकरी बाॅर्डर पर बड़ी संख्या में किसानों का जुटान देखते हुए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। रास्ते की बैरिकेडिंग की गई है।

उधर, उत्तरप्रदेश के किसान गाजियाबाद-दिल्ली बाॅर्डर पर जुटे हुए हैं। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि जब रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन किया जाता है तो हमें बुराड़ी का निरंकारी भवन जैसी निजी सुविधा क्यों दी जा रही है। उन्होंने रविवार की सुबह कहा कि हम आज दिन भर यहीं रहेंगे।


गाजीपुर बाॅर्डर पर बड़ी संख्या में जुटे किसानों में से एक ने कहा कि हम आज दिल्ली कूच करेंगे और जंतर-मंतर या संसद भवन जाएंगे।



Next Story

विविध