अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पूछड़ी में मातृशक्ति ने एक स्वर में की ईरान पर इजरायल और अमेरिका द्वारा हमले के खिलाफ सारी दुनिया से एकजुट होने की अपील !

रामनगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला मंच एकता मंच द्वारा ग्राम पूछड़ी रामनगर में आयोजित युद्धविरोधी सभा में महिलाओं ने एक स्वर में ईरान पर इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले को मानवता पर हमला बताते हुए इसके खिलाफ समुचित दुनिया की जनता से एकजुट होने की अपील की।
सरस्वती जोशी ने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं न तो आज घर के भीतर सुरक्षित है और न ही घर के बाहर। देश में 70 प्रतिशत से भी अधिक महिलाएं घरेलू हिंसा की मार झेल रहीं हैं। कामगार महिलाओं को पुरुषों के मुकाबले कम वेतन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की सरकार ही महिलाओं की सबसे बड़ी शोषक है और वह स्वयं ही भोजन माता, आंगनबाड़ी और आशा वर्कर को न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा देने के लिए तैयार नहीं है।
समाजवादी लोक मंच के संयोजक मुनीष कुमार ने कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमला परमाणु हथियार रोकने के लिए नहीं बल्कि वहां पर मौजूद कच्चे तेल और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा करने के लिए है। अमेरिका ने 2003 में इराक पर मानव विनाशक हथियारों के निर्माण का आरोप लगाकर हमला किया था और वहां के राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को फांसी पर लटका दिया।
अमेरिका दुनिया में किसी का भी दोस्त नहीं है। पिछले 25 वर्षों में अमेरिका हमला करके 10 लाख लोगों को मार चुका है। जो भी उसके मुनाफा और लूट में बाधा डालता है, अमेरिका उसके खिलाफ हो जाता है।
मुनीष कुमार ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अमेरिका से की गई ट्रेड डील भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ है। अमेरिका द्वारा भारत को रुस से तेल खरीदने और न खरीदने के लिए निर्देशित करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि दुनिया में जब तक पूंजीवाद और साम्राज्यवादी लूट रहेगी तब तक इस तरह के युद्ध होते रहेंगे और लाखों लाख लोग उसमें मरते रहेंगे। इन युद्धों को रोकने का एक ही तरीका है की समूची दुनिया की मेहनतकश जनता एकजुट होकर इन लुटेरी सरकारों को सत्ता से बेदखल करे और समाजवाद की स्थापना करे।
कौशल्या ने कहा कि भारत में भी गरीब मेहनतकश जनता अपने ही द्वारा चुनी गई सरकार के हमले का सामना कर रही है।विगत 7 दिसंबर को भाजपा सरकार ने सैकड़ों लोगों को बुलडोजर चलाकर बेघर कर दिया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पखवाड़े के तहत 11 मार्च को मालधन चंद्रनगर नम्बर 1में भी दिन में 11 से युद्ध विरोधी सभा का आयोजन किया जाएगा।
सभा को अनुकृति, गिरीश चंद्र, माया नेगी, विद्यावती शाह, अनिता सैनी, तृषा मेहता, किरन आर्या,रमेश आर्य, ऊर्बादत नैनवाल ने संबोधित करने के साथ ही महिलाओं द्वारा क्रांतिकारी गीत भी गाए गये।





