Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Anand Mahindra : पद्म सम्मान के लिए खुद को 'अयोग्य' मानते हैं महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन, कही दिल छूने वाली ये बात

Janjwar Desk
9 Nov 2021 2:39 PM GMT
Anand Mahindra
x

(आनंद महिंद्रा को पद्म अवॉर्ड से सम्मानित करते राष्ट्रपति कोविंद)

Anand Mahindra : आनंद महिंद्रा ने कहा कि अब जमीनी स्तर के समाज के सुधार में मौलिक योगदान देने वाले व्यक्तियों पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया जाता है। मैं वास्तव में उनकी श्रेणी में शामिल होने के लिए योग्य महसूस नहीं कर रहा था।

Anand Mahindra। पद्म पुरस्कार पाने वालों की लिस्ट में इस साल महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा भी शामिल रहे। सोमवार 8 नवंबर को उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के द्वारा सम्मानित किया गया। हालांकि इस सम्मान को हासिल करने के बाद भी आनंद महिंद्रा खुद को इसके लिए अयोग्य मान रहे हैं। उन्होंने अपने एक ताजा ट्वीट में बताया है कि वे खुद को इसके लिए अयोग्य मानते हैं।

आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर हमेशा अलग तरह के ट्वीट करने को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। पद्म सम्मान को लेकर उन्होंने नए ट्वीट में कहा, इस सरकार ने पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की प्रकृति को लेकर लंबे समय से लंबित, परिवर्तनकारी बदलाव किया है। अब जमीनी स्तर के समाज के सुधार में मौलिक योगदान देने वाले व्यक्तियों पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया जाता है। मैं वास्तव में उनकी श्रेणी में शामिल होने के लिए योग्य महसूस नहीं कर रहा था।

आनंद महिंद्रा ने अपने ट्वीट में पर्यावरणविद तुलसी गौड़ा को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की तस्वीर को भी साझा किया है। तुलसी को यह पुरस्कार सामाजिक कार्य के लिए दिया गया है। उन्होंने तीस हजार से अधिक पौधे लगाए हैं और पिछले छह दशकों से वह पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में शामिल हैं।

इस साल जिन शख्सियतों को पद्म सम्मान प्रदान किया गया है उनमें जॉर्ज फर्नांडीस, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, कंगना रनौत, एम.सी. मैरी कॉम, आनंद महिंद्रा, पीवी सिंधू के नाम तो शामिल हैं ही साथ ही जमीनी स्तर पर असाधारण काम करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया है जिनमें नारंगी विक्रिते हरेकला हजब्बा, साइकिल मैकेनिक मोहम्मद शरीफ, अब्दुल जब्बार खान, लीला जोशो, तुलसी गौड़ा, राहीबाई सोमा पोपेरे जैसे आम लोग भी शामिल हैं।

बता दें कि साल 2020-21 के लिए दो पद्म पुरस्कार समारोहों का आयोजन सोमवार 8 नवंबर की सुबह और शाम को किया गया। इस दौरान सात पद्म विभूषण, 16 पद्म भूषण और 122 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए गए। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में दिए जाते हैं। पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च क्रम की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

Next Story

विविध