Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

BJP की महिला नेता की बदजुबानी, भाजपाईयों की थूक से बह जाएगा भूपेश बघेल और उनका मंत्रिमंडल

Janjwar Desk
2 Sep 2021 5:07 PM GMT
BJP की महिला नेता की बदजुबानी, भाजपाईयों की थूक से बह जाएगा भूपेश बघेल और उनका मंत्रिमंडल
x

(BJP की छतीसगढ़ प्रभारी डी पुरुन्देश्वरी ने CM भूपेश बघेल व उनके कैबिनेट पर विवादित टिप्पणी की है)

डी पुरंदेश्वरी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा के जितने कार्यकर्ता हैं, अगर पीछे मुड़कर थूकेंगे तो कांग्रेस का मंत्रिमंडल उस थूक में बह जाएगा..

जनज्वार। राजनेताओं के बिगड़े बोल और बदजुबानी की बातें अक्सर सुर्खियां बनती हैं। इस बार छत्तीसगढ़ की महिला बीजेपी नेता व पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी की बदजुबानी भरे बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बीजेपी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में तीन दिवसीय 'चिंतन शिविर' का आयोजन किया था।

बस्तर में चल रही बीजेपी की चिंतन शिविर आज गुरुवार को खत्म भी हो गई है। बैठक में 2023 चुनाव का रोड मैप तैयार किया गया है। इसी बीच बीजेपी प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एक विवादित टिप्पणी की है। इसके बाद कांग्रेस के नेता बिफर पड़े हैं। डी पुरंदेश्वरी के बिगड़े बोल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी पलटवार किया है।

डी पुरंदेश्वरी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा के जितने कार्यकर्ता हैं, अगर पीछे मुड़कर थूकेंगे तो कांग्रेस का मंत्रिमंडल उस थूक में बह जाएगा, आने वाले चुनाव में कांग्रेस को आप उखाड़ सकते हैं।" इस बयान के बाद सियासत तेज हो गई है।

सीएम भूपेश बघेल ने पुरंदेश्वरी के बिगड़े बोल पर कहा कि इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया दें, मुझे उम्मीद नहीं थी कि भारतीय जनता पार्टी में जाने के बाद डी पुरंदेश्वरी जी की मानसिक स्थिति इस स्तर पर उतर आएगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमें ऐसी उम्मीद नहीं थी। वह हम लोगों के साथ थीं, अर्जुन सिंह के साथ राज्यमंत्री थी तब तो ठीक-ठाक थी। भारतीय जनता पार्टी में जाने के बाद उनकी यह स्थिति हो गई है। यदि आसमान पर थूकोगे तो खुद के चेहरे पर ही गिरता है। लगता है तीन दिन के चिंतन के बाद उनके दिमाग से यही निकला है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ बीजेपी के कई नेता इस चिंतन शिविर में हिस्सा नहीं ले सके। बस्तर में बीजेपी के चिंतन शिविर में इन चेहरों की गैरमौजूदगी कई सवालों को जन्म दे रही है, क्योंकि बीजेपी मिशन 2023 को लेकर एक्शन प्लान तैयार कर रही है।

यहां कई बड़े नेताओं का जमावड़ा है। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सह प्रभारी नितिन नबीन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय समेत सभी सांसद-विधायक मौजूद थे।

Next Story

विविध