Begin typing your search above and press return to search.
बिहार

सिर पर सिलेंडर और गले में प्याज की माला पहन RJD की महिला विधायकों ने महंगाई के खिलाफ आवाज की बुलंद

Janjwar Desk
2 March 2021 1:47 PM GMT
सिर पर सिलेंडर और गले में प्याज की माला पहन RJD की महिला विधायकों ने महंगाई के खिलाफ आवाज की बुलंद
x

photo : twitter

प्रदर्शन में शामिल राजद की महिला विधायकों ने कहा कि रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और यह आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है, दूसरी तरफ पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ने के बाद सारे वस्तुओं के दाम बढ़ते जा रहे हैं, आम लोगों के लिए अपने परिवार का पेट पालना तक मुश्किल हो गया है....

जनज्वार, पटना। लगातार बढ़ते पेट्रोल, रसोई गैस और कई अन्य घरेलू जरूरतों के सामानों साथ प्याज के बढ़ते दामों के खिलाफ बिहार विधानसभा परिसर में विपक्षी राजद ने धरना—प्रदर्शन किया। पहले भी बढ़ती महंगाई के खिलाफ विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर चुकी है।

आज मंगलवार 2 मार्च को राजद की महिला विधायकों ने सिर पर रसोई गैस का छोटा सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया। वहीं अन्य राजद विधायकों ने भी प्याज की माला पहनकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल राजद की महिला विधायकों ने कहा कि रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और यह आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। दूसरी तरफ पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ने यानी 100 का आंकड़ा पार करने के बाद सारे वस्तुओं के दाम बढ़ते जा रहे हैं। आम लोगों के लिए अपने परिवार का पेट पालना तक मुश्किल हो गया है। राजद की महिला विधायक ने कहा सरकार इनकी कीमतों को जब तक कम नहीं करेगी, सदन से सड़क तक हमारी पार्टी का यह विरोध जारी रहेगा।

वहीं माले विधायकों ने भी आज 2 मार्च को विधानसभा परिसर में पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि कल 1 मार्च को पटना में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया था, जिसका माले विधायकों ने जबर्दस्त विरोध दर्ज किया।

माले विधायकों ने कहा कि अपने लिये रोजगार की मांग करने वाले छात्रों पर पुलिस ने लाठी चलाई है। यह घटना अत्यंत निंदनीय है। नीतीश सरकार रोजगार देने के वायदे से पीछे हट रही है। 19 लाख रोजगार देने की बात कहने वाले भाजपा के लोग इसे भी जुमला ही करार दे रहे हैं।

राष्ट्रीय जनता दल ने अपने ट्वीटर हैंडल पर महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बारे में ट्वीट किया है, 'घरेलू गैस,पेट्रोल डीजल की बढ़ती क़ीमतों और रिकॉर्डतोड़ कमरतोड़ महंगाई के विरुद्ध राजद की महिला विधायकों ने आज बिहार विधानसभा में सिर पर गैस सिलेंडर रखकर विरोध प्रकट किया।'

Next Story

विविध