Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत, मुंबई के पास सड़क हादसे में गई जान

Janjwar Desk
4 Sep 2022 1:50 PM GMT
Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत, मुंबई के पास सड़क हादसे में गई जान
x

Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत, मुंबई के पास सड़क हादसे में गई जान

Cyrus Mistry Death: अहमदाबाद से मुंबई जाते समय साइरस मिस्त्री की कार पालघर के पास डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 54 वर्षीय साइरस मिस्त्री का निधन हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हैं।

Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन और बिजनेसमैन साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। अहमदाबाद से मुंबई जाते समय उनकी कार पालघर के पास डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 54 वर्षीय साइरस मिस्त्री का निधन हो गया, जबकि कार सवार दो अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख जताते हुए साइरस मिस्त्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री मर्सिडीज कार से अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। पालघर में सूर्या नदी पर बने पुल पर उनकी कार डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ठाणे के डीसीपी बाला साहेब पाटिल ने बताया कि यह एक सामान्य सड़क हादसा नजर आ रहा है। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। हादसे में मिस्त्री के साथ दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। दो घायल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइरस मिस्त्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्री साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वे एक होनहार व्यवसायी नेता थे, जो भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। उनका निधन वाणिज्य और उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना की।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि साइरस मिस्त्री के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। साइरस मिस्त्री न केवल एक सफल उद्यमी थे बल्कि उन्हें उद्योग जगत में एक युवा, उज्ज्वल और भविष्यवादी व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता था। एक कुशल उद्यमी का निधन हो गया है। यह न केवल राजमिस्त्री के परिवार के लिए बल्कि देश के औद्योगिक जगत के लिए भी एक बड़ी क्षति है। उनको मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।

बता दें कि साइरस पालोनजी मिस्त्री का जन्म 4 जुलाई 1968 को आयरलैंड में हुआ था। वो शापूरजी पालोनजी ग्रुप के प्रमुख पालोनजी मिस्त्री के छोटे बेटे थे। उन्होंने मुंबई के कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की और फिर बाद में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए लंदन भी गए। साइरस मिस्त्री के निधन से उद्योग और अन्य जगत की जानी मानी हस्तियां शोक व्यक्त कर रही हैं।

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story

    विविध