Begin typing your search above and press return to search.
दिल्ली

दिल्ली में भाजपा का काढ़ा, फेस मॉस्क, सेनिटाइजर वितरण अभियान के जरिए पार्टी प्रचार शुरू

Janjwar Desk
17 Jun 2020 2:30 AM GMT
दिल्ली में भाजपा का काढ़ा, फेस मॉस्क, सेनिटाइजर वितरण अभियान के जरिए पार्टी प्रचार शुरू
x
भाजपा के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली के लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को बढ़ाना है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता लोगों को 10 लाख काढ़े के पैकेट, 10 लाख सेनेटाइजर एवं 15 लाख फेस मास्क बांटेंगे।

जनज्वार ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली में कोरोना से बचाव के लिए मंगलवार को जरूरतमंदों को काढ़ा वितरित करने का अभियान शुरू किया। अभियान की शुरुआत दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने यहां तुगलक लेन से की। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी, सांसद प्रवेश वर्मा, रमेश विधूड़ी समेत दिल्ली विधानसभा में भाजपा दल के नेता रामवीर सिह विधूड़ी ने इस अभियान को दिल्ली के दूसरे इलाकों में शुरू किया। अभियान को शहर में नौ जगहों पर एक साथ लॉन्च किया गया।

भाजपा के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली के लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को बढ़ाना है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता लोगों को 10 लाख काढ़े के पैकेट, 10 लाख सेनेटाइजर एवं 15 लाख फेस मास्क बांटेंगे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि भाजपा ने लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने का जो संकल्प लिया है, उसे सकारात्मक रूप से पूरा करने के लिए दिल्ली भाजपा ने दस लाख लोगों को काढ़ा बांटने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने बताया कि फेस कवर और सेनिटाइजर बांटने के अभियान को गति देने के साथ ही दिल्ली भाजपा लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश 'दो गज की दूरी, बहुत जरूरी' के साथ जागरूकता अभियान भी चलाएगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि पार्टी ने खुद पहल करते हुए डॉक्टरों की टीम बनाई है, जो होम क्वॉरंटीन में रह रहे लोगों को स्वास्थ्य परामर्श देगी। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली के लोगों में कोरोना संक्रमण को लेकर जो डर और भय का माहौल है, उसे समाप्त करने में सफल होंगे।

Next Story

विविध