Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

सुशांत केस:ईडी ने दर्ज किया मनी लॉन्ड्रिंग का केस, डीजीपी ने मुंबई पुलिस से मांगा सहयोग

Janjwar Desk
31 July 2020 4:11 PM GMT
सुशांत केस:ईडी ने दर्ज किया मनी लॉन्ड्रिंग का केस, डीजीपी ने मुंबई पुलिस से मांगा सहयोग
x

File photo

सुशांत सिंह राजपूत केस में बिहार पुलिस की जांच तेज गति से आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को डीजीपी ने केस के प्रगति की समीक्षा की। उधर ईडी ने इस मामले में एक मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।

जनज्वार ब्यूरो, पटनासुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में बिहार पुलिस मुंबई में जांच कर रही है। वहां बिहार पुलिस को मुंबई पुलिस से सहयोग नहीं मिलने की बात सामने आ रही है। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय ने इस केस को लेकर पटना में दर्ज एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग का एक केस दर्ज कर लिया है। उधर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने आज पुलिस हेडक्वार्टर में वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ केस के प्रगति की समीक्षा की। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने केस की जांच सीबीआई से कराए जाने की बात कही है।

केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय ने एक ECIR केस दर्ज किया है। इस केस के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच की जा सकती है। बताया जा रहा है कि सुशांत के पिता केके सिंह द्वारा पटना में दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने यह केस दर्ज किया है। उस एफआईआर में सुशांत के पिता ने सुशांत के खाते से 15 करोड़ निकाले जाने का आरोप लगाया था।

डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने मुंबई पुलिस द्वारा बिहार पुलिस को सहयोग नहीं दिए जाने को लेकर मीडिया द्वारा पूछे गए प्रश्न के जबाब में कहा कि वे मुंबई पुलिस से अनुरोध कर रहे हैं कि बिहार पुलिस के लिए जरूरी सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराया जाय। बिहार पुलिस हेडक्वार्टर में हुई आज की इस मीटिंग में एडीजी हेडक्वार्टर जितेंद्र कुमार, पटना सेंट्रल रेंज के आईजी संजय सिंह और पटना के एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा मौजूद थे। बताया जा रहा है कि डीजीपी ने केस में अबतक हुई प्रगति की जानकारी ली और जरूरी दिशानिर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सुशांत की मौत के मामले में सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि मुंबई पुलिस अबतक एफआईआर भी दर्ज नहीं कर सकी है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने भी कहा है कि ऐसा लग रहा है कि सीबीआई से इस मामले की जांच कराई जानी चाहिए। वहीं लोजपा सुप्रीमो सांसद चिराग पासवान ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा है।

उधर महाराष्ट्र सरकार लगातार सीबीआई जांच से इंकार कर रही है। महाराष्ट्र के गृहमंत्री कह चुके हैं कि मुंबई पुलिस सही दिशा में जांच कर रही है और सीबीआई जांच की जरूरत नहीं।

पुलिस सुशांत के बैंक खातों के साथ सोशल साइट एकाउंट को भी खंगाल रही है, साथ ही सुशांत और रिया के दोस्तों की जानकारी जुटा रही है। टीम मुंबई में कुछ दिन रुक कर जांच कर सकती है। उनके पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाने में जो FIR दर्ज कराई थी, उसमें सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे।सुशांत के पिता की FIR में सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, उनके भाई समेत पांच लोग आरोपित किए गए थे।

Next Story

विविध