Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Haryana : गोहाना में एक किसान ने भाजपा सरकार के मंत्री बनवारी लाल के हाथों पुरस्कार लेने से किया इंकार, कहा - ऐसा करना शहीद किसानों का अपमान होगा

Janjwar Desk
13 Nov 2021 4:04 AM GMT
Haryana : गोहाना में एक किसान ने भाजपा सरकार के मंत्री बनवारी लाल के हाथों पुरस्कार लेने से किया इंकार, कहा - ऐसा करना शहीद किसानों का अपमान होगा
x

मंत्री बनवारी लाल के हाथों से पुरस्कार लेने से किसान सुरेंद्र अठवाल का इनकार।

सुरेंद्र लठवाल ने मंत्री बनवारी लाल के हाथों सम्मान लेने से इनकार करते हुए कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन में हरियाणा का किसान धरनों में शहीद हो रहा है। ऐसे में अगर उसने यहां भाजपा के मंत्री के हाथों सम्मान लिया तो यह शहीद किसानों का अपमान होगा।

नई दिल्ली। हरियाणा के गोहाना में भाजपा सरकार के एक मंत्री को उस वक्त शर्मिंदा होना पड़ा, जब एक किसान ने उनके हाथों से पुरस्कार लेने से इनकार कर दिया। किसान का कहना था कि कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान न जाने कितने किसान शहीद हो गए। ऐसे में भाजपा सरकार में मंत्री के हाथों सम्मान लेना शहीद किसानों का अपमान होगा। इसलिए हम ये सम्मान नहीं ले सकते।

Also Read : Gangrape Case : एमपी-एमएलए कोर्ट ने पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति सुनाई उम्रकैद की सजा, अब राजनीति में नहीं दिखा पाएंगे अपना दम

बिना सम्मान लिए वापस चले गए सुरेंद्र लठवाल

दरअसल, गोहाना चीनी मिल में पिराई सत्र के शुभारंभ के मौके पर मिल प्रबंधन ने साल 2020-21 में सबसे ज्यादा गन्ना लाने वाले किसानों और ट्रैक्टर चालकों को सम्मानित करने का प्रोग्राम रखा था। सम्मानित होने वालों की लिस्ट में गोहाना तहसील के सिरसाढ गांव के किसान सुरेंद्र लठवाल का भी नाम था। सुरेंद्र लठवाल ने सबसे अधिक 17,635 क्विंटल गन्ना पहुंचा कर प्रदेश के किसानों में तीसरे नंबर पर रहे। इस नाते लठवाल को सम्मान भी तीसरे नंबर पर ही मिलना था। दो किसानों के सम्मानित होने के बाद जब नाम पुकारा गया तो सुरेंद्र लठवाल मंच पर पहुंचे। वहां जैसे ही मंत्री बनवारी लाल सम्मान देने लगे तो सुरेंद्र लठवाल ने यह कहते हुए उसे ठुकरा दिया कि हरियाणा का किसान धरनों में शहीद हो रहा है। ऐसे में अगर उसने यहां भाजपा के मंत्री के हाथों सम्मान लिया तो यह शहीद किसानों का अपमान होगा।

एमडी सम्मानित करते तो पुरस्कार ले लेता

यह घटना वक्त की है जब हरियाणा सरकार में सहकारिता राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल गोहाना चीनी मिल में पिराई सत्र की शुरुआत करने पहुंचे थे। इस मौके पर सबसे ज्यादा गन्ना उत्पादन करने वाले किसान का सम्मान होना था, लेकिन किसान ने सहकारिता मंत्री के हाथों से सम्मानित होने से इनकार कर दिया। सम्मान लेने से इनकार करने वाले किसान ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे कई किसानों की मौत हो चुकी है। ऐसे में भाजपा मंत्री के हाथों सम्मानित होना शहीद किसानों का अपमान है। अगर मुझे चीनी मिल के एमडी सम्मानित करते तो मैं सम्मान ले लेता। किसान ने पुरस्कार राशि चीनी मिल में दान देने की अपील की।

पिराई का काम शुरू

फिलहाल, गोहाना शुगर मिल में गन्ने की पिराई की शुरुआत हो गई है। हरियाणा के सहकारिता राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने हवन यज्ञ कर इसका शुभारंभ किया। हरियाणा सरकार के मंत्री और भाजपा नेताओं का किसानों के विरोध की संभावना को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात किया गया था।

Next Story

विविध