International Yoga Day 2022: कब और कैसे हुई योग दिवस की शुरुआत? जानें क्या है अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 की थीम

International Yoga Day 2022: कब और कैसे हुई योग दिवस की शुरुआत? जानें क्या है अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 की थीम
International Yoga Day 2022: भारत समेत दुनिया भर में आज 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) मनाया जा रहा है। आज की दौड़ती-भागती जिंदगी के बीच लोग अपने को स्वस्थ्य रखने के लिए तमाम जतन करते हैं। दुनियाभर में योग के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) मनाया जाता है। आज मंगलवार के दिन दुनियाभर में 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
इस दिन कई देशों में लोग इकट्ठा होकर योग दिवस (Yoga Day) को मनाने के लिए योग करते नजर आते हैं। देश भर में योग दिवस को सफल बनाने के लिए कई प्रकार की तैयारियां की गई हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के खास मौके पर मोदी सरकार के 75 मंत्री देश के 75 अलग-अलग ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर योग करते नजर आएंगे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 की थीम
योग दिवस पर हर साल नई थीम रखी जाती है। आयुष मंत्रालय की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस साल 'योगा फॉर ह्यूमैनिटी' (Yoga For Humanity) थीम चुनी गई है। जिसका मतलब है मानवता के लिए योग। इस साल इसी थीम को ध्यान में रखते हुए पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का इतिहास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की शुरुआत साल 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ की बैठक में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। 11 दिसंबर 2014 को इस बात की घोषणा की गई कि हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाएगा। दरअसल भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त महासभा में दुनियाभर में योग दिवस मनाने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने स्वीकार कर लिया। 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का ऐलान किया।
21 जून को क्यों मनाया जाता है अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
इसके पीछे की मुख्य वजह ये है कि, 21 जून को उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है, जिसे लोग ग्रीष्म संक्रांति भी कहते हैं। भारतीय परंपरा के मुताबिक, ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन होता है। माना जाता है कि सूर्य दक्षिणायन का समय आध्यात्मिक सिद्धियां प्राप्त करने के लिए फायदेमंद है। साथ ही योग करने से लोगों की आयु भी लंबी होती है। इसी को देखते हुए योग दिवस हर साल 21 जून को मनाया जाता है। सबसे पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस साल 2015 के 21 जून को मनाया गया था।
योग का महत्व
शरीर और मन की शांति के लिए योग बहुत जरूरी है। योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है। साथ ही योग से मानव जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रतिदिन योग करने से शारीरिक और मानसिक बीमारियां दूर रहती है। बढ़ते तनाव को कम करने और लाइफस्टाइल से पैदा होने वाली समस्याओं को योग से दूर किया जा सकता है। योग करने से शरीर मजबूती बनता है। योग से शारीरिक और मानसिक ऊर्जा में वृद्धि होती है। योग करने वाले लोग फिट होने के साथ ही इम्यूनिटी के मामले में भी दूसरे लोगों से बेहतर होते हैं। इसी को देखते हुए बाकी लोगों ने भी खुद के हेल्थ का ख्याल रखते हुए योग करना शुरू किया है। साथ ही बॉलीवुड जगत के सितारे समेत खुद पीएम मोदी भी योग कर लोगों को फिटनेस के प्रति मोटिवेट करते देखे जाते हैं।
इस साल 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के मौके पर जहां पीएम मोदी (PM Modi) कर्नाटक (Karnataka) के मैसूर पैलेस ग्राउंड (Mysore Palace Ground) में योग करते नजर आएंगे। वहीं उनकी कैबिनेट के 75 मंत्रियों को देश की 75 अलग-अलग ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों पर योग करते देखा जाएगा। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) नासिक(Nashik) के पवित्र ज्योतिर्लिंग त्रिम्बेकेश्वर मंदिर (Jyotirlinga Trimbekeshwar Temple) परिसर में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) तमिलनाडु (Tamil Nadu) के कोयंबटूर (Coimbatore) में, विदेश मंत्री एस. जयशंकर (S. jaishankhar) दिल्ली (Delhi) के लोटस टैंपल (Lotus Temple) में योग करते दिखाई देंगे।










