Begin typing your search above and press return to search.
झारखंड

झारखंड में भाजपा नेता की गोली मार कर हत्या, भाजपा बोली जंगलराज आ गया

Janjwar Desk
6 July 2020 1:45 AM GMT
झारखंड में भाजपा नेता की गोली मार कर हत्या, भाजपा बोली जंगलराज आ गया
x
भाजपा ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है अन्यथया आंदोलन करने की चेतावनी दी है...

जनज्वार। झारखंड के लातेहार जिले के बरवाडीह में रविवार, पांच जुलाई 2020 की शाम करीब साढे सात बजे भाजपा के नेता जयवर्द्धन सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई। जयवर्द्धन सिंह भाजपा के जिला महामंत्री के साथ चतरा के सांसद सुनील सिंह के प्रतिनिधि भी थे। इस हत्या पर भाजपा ने प्रदेश में कानून व्यवस्था का सवाल उठाया है और कहा है कि राज्य में जंगल राज वापस आ गया है।

जयवर्द्धन सिंह बस स्टैंड के पास पास प्रज्ञा केंद्र के निकट बैठे थे, तभी दो अपराधी आए और उन्हें पीठ व गर्दन के पास गोली मार दी। गोली मारे जाने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए भाग निकले। अपराधी पैदल ही फरार हो गए।

इस मामले में भाजपा नेता व पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। लातेहार में भाजपा के जिला महामंत्री ही हत्या किए जाने की जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने अपराधियों को तत्काल पकड़ कर कार्रवाई की मांग की है।



भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि पिछले छह महीने में राज्य में नक्सलियों का मनोबल बढा है, लेवी मांगने की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाएं प्रदेश में बढ गईं हैं। शाहदेव के अनुसार, विधानसभा चुनाव के समय जयवर्द्धन सिंह ने अपना लाइसेंसी हथियार जमा कर दिया था। चुनाव के बाद उन्होंने लिखित रूप में इसकी वापसी की मांग की लेकिन प्रशासन ने इसे नजरअंदाज कर दिया। इसके लिए दोषी अफसरों पर कार्रवाई की जाए।

Next Story

विविध