Begin typing your search above and press return to search.
झारखंड

लालू से मिलने रांची पहुंचीं राजद विधायक समता देवी को 14 दिन के लिए किया गया क्वारंटीन

Janjwar Desk
2 Sep 2020 4:59 PM GMT
लालू से मिलने रांची पहुंचीं राजद विधायक समता देवी को 14 दिन के लिए किया गया क्वारंटीन
x

विधायक समता देवी फोन पर बात करते हुए (बिल्कुल दाएं)।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं की रांची दौड़ तेज हो गई हैं, क्योंकि राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव यहीं चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे हैं...

जनज्वार। बिहार के बाराचट्टी से विधायक समता देवी को बुधवार को रांची में क्वारंटीन कर दिया गया। उन्हें रांची के एडीएम लाॅ एंड आर्डर ने कोरोना लाॅकडाउन के गाइडलाइन के उल्लंघन के आरोप में क्वारंटीन किया। विधायक के साथ उनके तीन निजी स्टाफ जिनमें बाॅडीगार्ड व ड्राइवर शामिल हैं, उन्हें भी क्वारंटीन किया गया है।

समता देवी राष्ट्रीय जनता दल की विधायक हैं और बिहार से झारखंड राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मिलने पहुंची थीं। बिहार में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में टिकट पक्का करने के लिए नेताओं की रांची दौड़ तेज हो गई है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव रांची में ही चारा घोटाला मामले में जेल की सजा काट रहे हैं। वे इस वक्त रिम्स में इलाज के लिए भर्ती हैं, जहां उन्हें कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए परिसर के एक बंगले में रखा गया है। राजद नेता व टिकट की उम्मीद पाले अन्य लोग वहीं लालू प्रसाद यादव से मिलने पहुंच रहे हैं।

झारखंड में अन्य प्रदेशों से आने वाले लोगों के लिए कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए 14 दिन क्वारंटीन में रहने का नियम है और इसी को आधार बनाते हुए समता देवी को क्वारंटीन किया गया है। विधायक समता देवी प्रशाासन को बिना पूर्व सूचना दिए रांची पहुंच गईं। एडीएम लाॅ एंड आॅर्डर अखिलेश कुमार सिन्हा ने उन्हें, उनके दो बाॅडीगार्ड व एक निजी सहायिका को क्वारंटीन करने का आदेश दिया। उन्हें हटिया गेस्ट हाउस में रखा गया है।

एडीएम अखिलेश सिन्हा ने कहा कि पूछताछ में यह जानकारी मिली कि समता देवी बिना अनुमति के रांची पहुंची हैं, जिसके बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सूचना के बाद वे स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे जहां विधायक से पूछताछ की। बिना अनुमति लिए यहां आकर उन्होंने कोविड19 गाइडलाइन का उल्लंघन किया है। अगर क्वारंटीन का नियम पूरी तरह लागू होता है तो उन्हें अगले 14 दिनों तक रांची में ही रहना होगा। वहीं, विधायक समता देवी ने कहा है कि वे किसी बीमार व्यक्ति से मिलने रांची पहुंची थीं और इसी दौरान उन्हें क्वारंटीन किया गया।

मालूम हो कि इससे पहले उत्तरप्रदेश के भाजपा सांसद साक्षी महाराज को गिरिडीह जिला प्रशासन ने क्वारंटीन किया था। उस मामले ने तूल पकड़ लिया था, क्योंकि साक्षी महाराज का कहना था कि उन्होंने सूचना भेजी थी। हालांकि बाद में विभिन्न स्तरों के हस्तक्षेप के बाद अगले ही दिन उन्हें क्वारंटीन से मुक्त कर दिया गया।

Next Story

विविध