Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Madhya Pradesh News : इंदौर से महाराष्ट्र जा रही बस पुल से नर्मदा में गिरी, सभी 13 सवार लोगों की मौत

Janjwar Desk
18 July 2022 12:42 PM GMT
Madhya Pradesh News : इंदौर से महाराष्ट्र जा रही बस पुल से नर्मदा में गिरी, सभी 13 सवार लोगों की मौत
x

Madhya Pradesh News : इंदौर से महाराष्ट्र जा रही बस पुल से नर्मदा में गिरी, सभी 13 सवार लोगों की मौत

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के धार जिले में यात्रियों से भरी एक बस नदी में गिर गई है, हादसे में 13 यात्रियों की जान चली गई है, नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि बस में करीब 13 से 14 लोग सवार थे और उनमें से कोई जीवित नहीं बचा...

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के धार जिले में यात्रियों से भरी एक बस नदी में गिर गई है। हादसे में 13 यात्रियों की जान चली गई है। महाराष्ट्र (Maharashtra) से इंदौर (Indore) जा रही बस जिले के खलघाट में अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में गिर गई। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि बस में करीब 13 से 14 लोग सवार थे और उनमें से कोई जीवित नहीं बचा।

खरगोन से कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे

बता दें कि हादसा आगरा-मुंबई (एबी रोड) हाईवे पर हुआ है। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है, जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वह 20 धार और खरगोन की सीमा पर बना है। आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे।

बस में सवार सभी लोगों की मौत

इससे पहले नरोत्तम मिश्रा ने बताया था कि बस हादसे में करीब 12 लोगों के निधन की खबर है और 15 लोगों को बचाया गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि बस में 50-55 लोगों के सवार होने की सूचना है। इस स्थिति को स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि हादसे के फौरन बाद लोग नदी से भाग रहे थे, त्रुटिवश उन्हें बचा हुआ मान लिया गया था। ताजा जानकारी के अनुसार बस में 13 से 14 लोग सवार थे। उनमें से कोई जीवित नहीं बचा। उन्होंने बताया कि मृतकों में अब तक राजस्थान और महाराष्ट्र के कुछ लोगों की पहचान हुई है। शेष की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

अब तक निकाले गए 13 शव

सुबह पौने दस बजे धामनोद में खलघाट के पास नर्मदा नदी में यात्रियों से भरी बस गिर पड़ी। बस इंदौर से पुणे जा रही थी। 13 शव निकाले जा चुके हैं, इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। धामनोद के खलघाट में बस टू-लेन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा में गिरी। यह पुल पुराना बताया जा रहा है। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है।

सीएम शिवराज ने घटना पर जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि 'इंदौर से पुणे जा रही बस के धार में हुई दुखद दुर्घटना के संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे जी से फोन पर चर्चा कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। महाराष्ट्र के यात्रियों के शवों को ससम्मान वहां भेजने की व्यवस्था करने के संबंध में भी जानकारी दी।

CM शिवराज ने किया मृतकों के लिए मुआवजे का एलान

बता दें कि साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मुआवजे का एलान करते हुए लिखा कि 'आज खलघाट में हुई भीषण बस दुर्घटना में शोकाकुल परिजनों के साथ मैं और पूरी सरकार साथ खड़ी है। मृतकों के परिवारजनों को मध्य प्रदेश शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की राहत राशि प्रदान की जायेगी। शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझे, दु:ख की इस घड़ी में हम सब साथ हैं। ॐ शांति।

हादसे में मारे गए 12 लोगों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले 12 लोगों की पहचान हो गई है। 4 लोग राजस्थान, 1 इंदौर (मध्यप्रदेश) और बाकी महाराष्ट्र से हैं। शवों को धामनोद (धार, मध्यप्रदेश) के सरकारी अस्पताल में रखा गया है।

  • चेतन पिता राम गोपाल जांगिड़, नांगल कला गोविंदगढ़ (जयपुर - राजस्थान)
  • जगन्नाथ (70) पुत्र हेमराज जोशी, मल्हारगढ़ (उदयपुर - राजस्थान)
  • प्रकाश (40) पुत्र श्रवण चौधरी, शारदा कॉलोनी अमलनेर (जलगांव - महाराष्ट्र)
  • निंबाजी (60) पुत्र आनंदा पाटिल, निवासी पीलोदा अमलनेरगां (जलगांव - महाराष्ट्र)
  • चंद्रकांत (45) पुत्र एकनाथ पाटील, अमलनेर (जलगांव - महाराष्ट्र)
  • अरवा (27) पत्नी मुर्तजा बोरा, मूर्तिजापुर (अकोला - महाराष्ट्र)
  • सैफुद्दीन पुत्र अब्बास, नूरानी नगर (इंदौर - मध्यप्रदेश )
  • राजू पुत्र तुलसीराम मोर, रावतभाटा (चित्तौड़गढ़ - राजस्थान)
  • अविनाश पुत्र संजय परदेसी, पाटन सराय अमलनेर (जलगांव - महाराष्ट्र)
  • विशाल (33) पुत्र सतीश बहरे, विर्देल (धुले महाराष्ट्र)
  • रुखमणीबाई पत्नी नारायणलाल जोशी (उदयपुर- राजस्थान)
Next Story

विविध