Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

National Herald Case : राहुल-प्रियंका के साथ ED दफ्तर पहुंची सोनिया गांधी, कांग्रेस नहीं, विपक्ष मुक्त भारत चाहता है BJP नेतृत्व

Janjwar Desk
21 July 2022 6:09 AM GMT
National Herald Case : कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक सुर में बोला केंद्र पर हमला, ईडी को बताया आतंक और सरकार गिराने वाली एजेंसी
x

National Herald Case : कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक सुर में बोला केंद्र पर हमला, ईडी को बताया आतंक और सरकार गिराने वाली एजेंसी

National Herald Case : कांग्रेस ने सोनिया गांधी की पेशी को केंद्र सरकार द्वारा ईडी का दुरुपयोग करार दिया है।

National Herald Case : नेशनल हेराल्ड केस मामले में पुछताछ के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) प्रवर्तन निदेशालय ( ED ) के दफ्तर पहुंच गई हैं। उनके साथ राहुल गांधी ( Rahul Gandhi ) और प्रियंका गांधी ( Priyanka Gandhi ) वहां पहुंचे। दूसरी तरफ सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी (ED) का दुरुपयोग कर रही है। भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व अब 'कांग्रेस मुक्त भारत' नहीं, बल्कि 'विपक्ष मुक्त भारत' चाहता है। दूसरी तरफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता देशभर में विरोध प्रदर्शन ( Congress protest ) कर रहे हैं।

ED का हो रहा है दुरुपयोग : कांग्रेस

वहीं कांग्रेस ने सोनिया गांधी की पेशी को केंद्र सरकार द्वारा ईडी का दुरुपयोग करार दिया है। कांग्रेस के साथ-साथ दूसरी विपक्षी पार्टियां भी इस मसले पर आवाज उठा सकती हैं, लेकिन इसमें टीएमसी शामिल नहीं है। सोनिया गांधी की पेशी के बाद कांग्रेस सांसद स्पेशल बसों या फिर पैदल कांग्रेस हेडक्वार्टर 10 जनपथ से ईडी ऑफिस मार्च कर सकते हैं।

दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्ट, लोगों को इन मार्गों से होकर न निकलने की सलाह

सोनिया गांधी की ईडी के सामने पेशी के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। कांग्रेस के मुख्यालय के आसपास बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से 9 बजे से 2 बजे तक गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन पर जाने से बचने की सभी से सलाह दी है। इसके अलावा मोती लाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मानसिंह रोड पर भी लोगों को जाने से मना किया गया है। ट्रैफिक डायवर्जन की वजह से गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड पर बसों के आने पर पाबंदी है।

सत्याग्रह नहीं दुराग्रह है : BJP

अब इस मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस ( BJP-Congress ) के नेता आमने-सामने आ गए हैं। जहां कांग्रेस केंद्र सरकार पर ईडी का राजनीतिक रुप से इस्तेमाल करने का आरोप लगा रही है वहीं भाजपा ( BJP ) नेताओं का कहना है कि जांच एजेंसी अपना काम कर रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज सोनिया गांधी की ईडी के द्वारा पूछताछ के विरोध में कांग्रेस पार्टी सत्याग्रह करने वाली है। ये सत्याग्रह नहीं, देश की कानूनी संस्थाओं के खिलाफ दुराग्रह है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मामले में बेल पर हैं, इन पर धोखाधड़ी का भी आरोप है। उन्होंने कहा कि गैर कानूनी तरीके से नेशनल हेराल्ड की पूरी संपत्ति को यंग इंडिया को दे दिया गया।

कांग्रेस दफ्तर तक जाने से मीडिया को रोका जा रहा है

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि आज सुबह से ही दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के आदेश पर मीडिया को कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में प्रवेश करने से रोक रही है। यह मोदी सरकार की मानसिकता को दर्शाता है।

Next Story

विविध