Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Pilibhit News : उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने अलापा राग, कहा- विपक्ष की सरकारें दंगा कराने में थीं चैम्पियन

Janjwar Desk
8 Feb 2022 7:27 PM GMT
Pilibhit News : उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने अलापा राग, कहा- विपक्ष की सरकारें दंगा कराने में थीं चैम्पियन
x

Pilibhit News : उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने अलापा राग, कहा- विपक्ष की सरकारें दंगा कराने में थीं चैम्पियन

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) डा. दिनेश शर्मा (Dr. Dinesh Sharma) ने जनपद पीलीभीत के पूरनपुर (Puranpur) एवं बीसलपुर (Bisalpur) विधानसभाओं में चुनावी जनसभाओं में विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि उनकी सरकारें तो दंगा कराने के मामले में चैम्पियन थीं।

पीलीभीत से निर्मल कांत शुक्ल की रिपोर्ट

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) डा. दिनेश शर्मा (Dr. Dinesh Sharma) ने जनपद पीलीभीत के पूरनपुर (Puranpur) एवं बीसलपुर (Bisalpur) विधानसभाओं में चुनावी जनसभाओं में विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि उनकी सरकारें तो दंगा कराने के मामले में चैम्पियन थीं। समाजवादी सरकार में अलग-अलग प्रकार के 700 दंगे हुए थे। इसी प्रकार से बसपा की सरकार में भी करीब पौने तीन सौ दंगे हुए थे। लोगों को लड़ा कर अपनी राजनीति की रोटी सेंकना उनका स्वभाव रहा है। भाजपा की वर्तमान सरकार में प्रदेश में अमन चैन कायम रखा और एक भी दंगा नहीं हुआ है। विपक्ष आज एक बार फिर लोगों को जातियों और संप्रदाय में बांटने की साजिश कर रहा है। अब इसके लिए इन्होंने बंगाल से बी टीम को बुलाया है, वहां से ममता दीदी आई है। इन्हे यूपी के लोगों से कोई ममता नहीं है। बंगाल चुनाव के समय वे कहती थीं कि पान मसाला खाने वाले, टीका लगाने वाले यूपी के लोग गुन्डे है। चुनाव जीतने के बाद बंगाल में यूपी के लोगों पर चुन-चुनकर अत्याचार किया गया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी को बताना चाहिए कि बंगाल से ममता दीदी को क्यों बुलाया है , क्या उत्तर प्रदेश के लोगों को गाली देने का इनाम देने के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई टीएमसी की नेत्री को सूबे के लोगों से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उत्तर प्रदेश भगवान राम ,कृष्ण, ऋषि मुनियों की धरती है। अभी तो और लोग भी आएंगे। पहले लोगों को लडाने का काम सपा बसपा और कांग्रेस के लोग खुद ही करते थे, पर अब इन्होंने नया तरीका निकाला है। अब ये इस काम के लिए बाहर से हैदराबाद से अपनी बी टीम को बुलाते है।

पूरनपुर तथा बीसलपुर विधानसभा में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति के प्रतिपादन से दूरी बनाकर रखने वाले भी आज हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे हैं। पहले तो यही लोग राम मंदिर के निर्माण को लेकर तरह तरह के तंज कसा करते थे। राम के अस्तित्व को ही नकारते थे। अब यह भी देख रहे हैं कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है। इन दलों का कोई भी बड़ा नेता आज तक भगवान राम के दर्शन के लिए नहीं गया है क्योंकि उन्हें वोट बैंक का खतरा है। इसमें उन्हे साम्प्रदायिक कहलाये जाने का खतरा दिखता है।


यूपी में बही विकास की धारा

उन्होंने दावा किया कि आज यूपी में विकास की धारा बह रही है। जो अपराधी योगी सरकार के समय में बिल में चले गए थे, वे विपक्ष के प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही बिल से बाहर आने लगे हैं। अब वे फिर प्रदेश में अपराध का नंगा नाच न कर सकें इसके लिए भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर मतदान करना होगा। इस चुनाव में पहले से भी अधिक मतदान करना होगा। पिछले पांच साल में उत्तर प्रदेश की दशा और दिशा बदल गई है। अपराध समाप्त हुआ है और शिक्षा का विस्तारीकरण हुआ है। गांव गरीब किसान नौजवान महिला सभी का कल्याण हुआ है, इसीलिए सपा बसपा कांग्रेस माकपा आदि दल मिलकर भी भाजपा का मुकाबला नहीं कर पा रहे है। इसका एक और कारण है कि भाजपा के पास खरा सोने जैसा कार्यकर्ता है जो दूसरे दलों के पास नहीं है। इसी कारण से विपक्ष घबराया हुआ है। पिछले पौने पांच साल में हर क्षेत्र में तमाम कार्य हुए है तथा पांच साल में ही 11 लाख करोड की अर्थव्यवस्था 22 लाख करोड की हो गई है। पांच साल पूर्व जो बेरोजगारी दर 17.4% प्रतिशत थी वह पांच साल में 4.9% प्रतिशत ही रह गई है।


भाजपा ने घोषित कर दिया संकल्प पत्र

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि आज भाजपा ने अगले पांच साल के लिए अपने संकल्प घोषित कर दिए है। आने वाले पांच साल में यूपी के माध्यमिक विद्यालयों को आधुनिकतम इन्फ्रास्ट्रक्चर से युक्त किया जाएगा। यह बदलाव भाजपा की सरकार लाती है। इसके विपरीत विपक्ष की सरकारें के आने पर माफिया, वसूली की पर्ची तथा समाज को जाति और सम्प्रदाय में विभाजित करने जैसे काम होते है। समाज को विभाजित कर वे वोट का लाभ लेने का प्रयास करते है। भाजपा ने सबका साथ सबका विकास के आधार पर काम किया है। राशन का वितरण हुआ है तो हिन्दू- मुसलमान, सिख-ईसाई, अगड़ा-पिछड़ा, दलित सभी को बराबर से दिया है। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ है। इसके विपरीत विपक्ष का काम ही भेदभाव करके अपनी राजनीति की रोटी सेंकने का है। यह अलग अलग भेष रख कर आएंगे, पर ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है।इन लोगों का काम ही भाजपा को बदनाम करने का है।


अति आत्मविश्वास से बचने की सलाह

उनका कहना था कि चुनाव में भाजपा की ही जीत होगी, पर कार्यकर्ता को अति आत्मविश्वास से बचना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज विकास की सुगन्ध आ रही है। सभी लोग एकजुट है और आगे भी सभी को एकजुट रहना है। एक कहानी सुनाते हुए उन्होंने कहा कि एकता में ही शक्ति है। सभी भारतीयों को मोदी जी और योगी जी के साथ एक रहना है। भाजपा सभी को बराबर से सम्मान देती है पर तुष्टीकरण किसी का नहीं करती है। विपक्ष का काम ही तुष्टीकरण की राजनीति करने का रहा है। कांवड यात्रा के दौरान उस पर पत्थर बरसते हैं और पत्थर बरसाने वाले छाती पर मूंग दलते थे जबकि चोटिल लोग थाने में दिखते थे। योगी सरकार में यह स्थिति नहीं रही है तथा अब कोई पत्थर नहीं बरसाता है बल्कि यात्रा पर फूल बरसते है। भाजपा भारत की महान संस्कृति का प्रतिपादन करती है।

अंधेरे में रखने वाले कर रहे फ्री बिजली की बात

उन्होंने कहा कि जो समाजवादी पिछली सरकार में बिजली नहीं दे पाए और प्रदेश के लोगों को अंधेरे में रखा, वे फ्री बिजली की बात कर रहे है। मकानों और जमीनों पर कब्जे के लिए कुख्यात पिछले शासनकाल वालो ने मकान देने के नाम पर लाखों फार्म भरवाए थे, पर सत्ता में आने पर हजारो में भी मकान गरीबों को नहीं दिए। वर्तमान भाजपा सरकार ने 43 लाख गरीबों को मकान देने को काम किया है। विपक्ष के कुछ नेता सपने बहुत देखते थे और आज जब भाजपा सरकार ने पूरी मुस्तैदी के साथ काम करके उत्तर प्रदेश को बदल दिया है तब वे भाजपा की सरकार की योजनाओं का अपना सपना बता रहे है। उन्हें जवाब देना चाहिए कि अगर इतने ही सपने देखे थे तो फिर काम क्यों नहीं किया था। पिछली सरकारों में तमंचों और कट्टों के अवैध प्रचलन के लिए बदनाम हो गए। यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल व ऑटोमेटिक राइफल बनने जा रही है। इस अवसर पर पूरनपुर के प्रत्याशी बाबूराम पासवान बीसलपुर विधानसभा के प्रत्याशी विवेक वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह उपस्थित थे।

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story

    विविध