Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Agra News: इस ब्रांड के आटे व बेसन से रहिए सावधान, छापे के दौरान गेहूं में दिखे मरे-गले चूहे, मिला नोटिस

Janjwar Desk
25 Feb 2022 9:15 AM IST
agra news
x

(रसोई रतन ब्रांड आटा फैक्ट्री में छापे के दौरान गेंहूँ में मिले सड़े चूहे)

Agra News इससे किसी की सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ा तो क्या होगा? इस पर फैक्‍ट्री का मालिक चुप हो गया। हालांकि, टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है...

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पीर कल्याणी में स्थित अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज (Aggrawal Food Industries) पर छापा मारा। छापे के दौरान यहां का नजारा हैरान करने वाला था। बता दें कि इसी फैक्‍ट्री में रसोई रतन ब्रांड का आटा तैयार होता है। अधिकारियों को गोदाम में घटिया किस्म का गेहूं मिला।

इतना ही नहीं, इसमें सड़े-गले चूहे भी मिले। टीम ने न केवल घटिया किस्म का एक क्विंटल गेहूं नष्ट कराया, बल्कि दलिया और बेसन का नमूना भी जांच के लिए लिया है। फैक्टरी के मालिक को नोटिस भी दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे (Food Department Raid) के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।

बीते दिन FSDA के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आशीष मौर्य ने टीम के साथ अग्रवाल फ़ूड इंडस्ट्रीज पर छापा मारा था। मौके पर टीम को फैक्टरी के मालिक राजेश अग्रवाल मिले। गेहूं के भंडारण का हाल देखा तो उसमें मरे हुए चूहे मिले। गेहूं में बिल्ली और चूहों के मल बिखरे हुए थे। अधिकारी ने बताया कि चूहा मारने की दवा भी पाई गई।

सवाल पर साधी चुप्पी

अधिकारियों द्वारा जब फैक्टरी मालिक से पूछा कि इसी गेहूं से आटा तैयार करोगे? इस पर उन्होंने बताया कि आधुनिक मशीनें हैं, इसमें से खराब गेहूं मशीन अलग कर देती है। अधिकारी ने फिर पूछा कि चूहे मारने की दवा और मरे चूहों की दुर्गंध को कैसे दूर करोगे? इससे किसी की सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ा तो क्या होगा? इस पर फैक्‍ट्री का मालिक चुप हो गया। हालांकि, टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है।

चूहे मरने वाला गेहूं कराया नष्ट

सिटी मजिस्ट्रेट प्रतिपाल चौहान ने बताया कि छापे के दौरान टीम को गेहूं में मरे हुए चूहे मिले थे। जहां चूहे मरे हुए थे, उस गेहूं को इकट्ठा कर उसे नष्ट करा दिया गया। ये गेहूं लगभग एक क्विंटल होगा। फिलहाल, फैक्टरी में तैयार आटा नहीं था, ऐसे में यहां तैयार हो रहे दलिया और बेसन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। नोटिस देकर सुधार करने की हिदायत भी दी गई है।

अनाज के साथ गंदगी का अंबार

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि टीम को छापे में गोदाम में भारी गंदगी मिली थी। सीलन थी और जाले लगे हुए थे। साफ-सफाई नहीं थी। गोदाम में 9 कर्मचारी कार्य करते मिले। ये एप्रन और ग्लव्स नहीं पहने हुए थे। संचालक को नोटिस दिया गया है। टीम के द्वारा फैक्टरी का चालान किया गया है और सैंपल भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Next Story