Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी का रोमियो स्क्वॉड लापता, उनके मिशन शक्ति का भी होगा यही हाल : अखिलेश यादव

Janjwar Desk
17 Oct 2020 4:59 AM GMT
मुख्यमंत्री योगी का रोमियो स्क्वॉड लापता, उनके मिशन शक्ति का भी होगा यही हाल : अखिलेश यादव
x
अखिलेश यादव ने योगी पर तंज कसते हुए कहा, भाजपा राज में अपराधी इसलिए बेखौफ हैं कि सत्ताधीश ही उन्हें संरक्षण दे रहे हैं...

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के मिशन शक्ति पर तंज कसा है। अखिलेश ने कहा कि रोमियो स्क्वाड लापता है। ऐसा ही हश्र मिशन शक्ति का भी होना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार में बेटियों का सम्मानपूर्वक जीना दुश्वार है। आए दिन उनके साथ होने वाली दुष्कर्म की घटनाओं पर कोई रोक नहीं लग रही है। मुख्यमंत्री ने जैसे-तैसे साढ़े तीन साल से ऊपर के दिन निकाल लिए हैं, उनके अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा एक बड़े जीरो में बदल गया है। उनका रोमियो स्क्वॉड लापता है, अब चलते-चलाते मुख्यमंत्री रोल मॉडल चुनने का कथित मिशन शक्ति अभियान चलाने जा रहे हैं। इसका हश्र भी वही होना है जो अब तक उनके वादो-निर्देशों-आदेशों का होता रहा है।

उन्होंने कहा कि आखिर कितने हाथरस, बलिया, झांसी, बलरामपुर और बाराबंकी काण्ड दोहराए जाएंगे। इन सभी काण्डों में बच्चियों से दुष्कर्म के मामलों में पुलिस और प्रशासन की लीपापोती की ही नीति रही है। बच्चियों से बर्बरतापूर्ण कृत्य अमानवीयता की हद, निंदनीय और शर्मनाक हैं।

अखिलेश यादव ने कहा, बलिया में राशन दुकान के आंवटन के विवाद में भाजपा नेता ने दिनदहाड़े युवक जयप्रकाश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी। सीओ व एसडीएम ने आरोपी को पकड़ लिया था, फिर भी उसे छोड़ दिया। क्षेत्रीय भाजपा विधायक हत्या के आरोपी की पैरवी में उतर आए हैं।

सपा सुप्रीमो आगे बोले, भाजपा राज में अपराधी इसलिए बेखौफ हैं कि सत्ताधीश ही उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। राज्यपाल को प्रदेश में हर रोज बढ़ती अराजक स्थिति का संज्ञान लेना चाहिए। उन्हें अपने सांविधानिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करना चाहिए।

Next Story

विविध