Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

हाथरस कांड के बाद BJP विधायक के बिगड़े बोल, कहा लड़कियां नहीं संस्कारी इसलिए बढ़ रहे बलात्कार

Janjwar Desk
4 Oct 2020 2:42 AM GMT
हाथरस कांड के बाद BJP विधायक के बिगड़े बोल, कहा लड़कियां नहीं संस्कारी इसलिए बढ़ रहे बलात्कार
x
भाजपा विधायक बोले, लड़कियां नहीं संस्कारित इसलिए बढ़ रहे बलात्कार, रेप जैसी घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं....

जनज्वार। भाजपा के तमाम नेता अपने उटपटांग बयानबाजियों के कारण चर्चा का केंद्रबिंदु रहते आये हैं। अब एक और भाजपायी विधायक अपनी बदजुबानी के लिए चर्चा में हैं। भाजपा के बलिया विधायक सुरेंद्र सिंह से जब पूछा गया कि हाथरस जैसी घटनायें क्यों बढ़ रही हैं और उन्हें कैसे रोका जाये तो उन्होंने कहा लड़कियों के संस्कारित न होने के कारण रेप की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

शायद ये महाशय भूल रहे हैं कि हमारे देश में 6 महीने की दुधमुंही बच्ची से लेकर 70 साल की बुजुर्ग महिला भी बलात्कार का शिकार हो रही है।

बलिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र सिंह ने हाथरस कांड के बाद कहा,सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी जवान बेटी को संस्कारित वातावरण में रहने, चलने और एक शालीन व्यवहार प्रस्तुत करने का तरीका सिखाएं, इससे रेप नहीं बढ़ेंगे। ये घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से कुछ रुकने वाली नहीं हैं।

बलिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से मीडिया ने सवाल किया था, कहा जाता है कि रामराज्य चल रहा है, लेकिन इस राम राज्य में भी रेप जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इसका आखिर क्या कारण है? इस पर सिंह ने कहा कि 'मैं विधायक के साथ-साथ एक शिक्षक हूं। ये घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं।'

विधायक ने आगे कहा कि 'सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी जवान बेटी को संस्कारित वातावरण में रहने, चलने और एक शालीन व्यवहार प्रस्तुत करने का तरीका सिखायें। यह सबका धर्म है, मेरा भी धर्म है, सरकार का भी धर्म है लेकिन परिवार का भी धर्म है। जहां सरकार का धर्म रक्षा करने का है वहीं परिवार का भी धर्म है कि बच्चों में संस्कार डाले। सरकार और संस्कार मिलकर देश को सुंदर रूप दे सकते हैं। दूसरा कोई सामने आने वाला नहीं है।'

इतना ही नहीं सुरेंद्र सिंह ने प्रियंका-राहुल समेत तमाम दूसरे विपक्षी दलों के हाथरस कांड पर बोलने को सिर्फ राजनीतिक हथकंडा बताया। कहा कि प्रियंका-राहुल समेत तमाम दूसरे लोग लाख कोशिश कर लें उत्तर प्रदेश की धरती पर उनकी राजनीतिक जमीन स्थापित होने से रही। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को होटल व बोतल की संस्कृति का करार देते हुए कहा कि यह बेहया किस्म के लोग हैं ।

सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक का यह वीडियो वायरल हो रहा है। लोग उन्हें ट्रोल करते हुए कह रहे हैं कि तुम ब​हुत घटिया हो।

BJP विधायक सुरेन्द्र सिंह के बयान पर सर्वेश मिश्रा ने ट्वीट किया है, 'मंगल पांडेय की बाग़ी बलिया की धरती पर तुम्हारे जैसा घिनौना व्यक्ति पैदा हुआ यह शर्म की बात है। तुम्हारा विधायक होना भारतीय लोकतंत्र का एक काला चेहरा है . धिक्कार है तुमपर'

वरिष्ठ पत्रकार विनोद कापड़ी ने ट्वीट किया है, 'शर्मनाक! जिस राज्य से लगातार नाबालिग से रेप #Hathras #Balrampur जैसी घटनाएँ सामने आ रही हैं,उस राज्य से #योगी के #MLA कह रहे हैं- माता पिता का धर्म है कि उन्हें अपनी जवान बेटियों को चलने , रहने और शालीन व्यवहार का तरीक़ा सिखाना चाहिए,तभी रेप रूकेंगे।

Next Story

विविध