Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

यूपी: वरमाला से पहले मंदबुद्धि दूल्हे की हरकत पर दुल्हन ने वापस लौटाई बारात

Janjwar Desk
11 Dec 2020 3:52 PM GMT
यूपी: वरमाला से पहले मंदबुद्धि दूल्हे की हरकत पर दुल्हन ने वापस लौटाई बारात
x

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

जयमाल की रस्म के लिए दूल्हा स्टेज पर पहुंचा, इस बीच दूल्हे के हावभाव देख लड़की पक्ष की महिलाओं को कुछ शक हुआ जिसके बाद कुछ महिलाओं ने युवती की मां से जाकर बताया कि दूल्हा अजीब-अजीब हरकतें कर रहा है...

जनज्वार/हरदोई। यूपी के हरदोई की एक शादी में अजब फलसफा सुनने को मिला। यहां दूल्हे के मंद बुद्धि होने पर दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के बैरंग वापस हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन दोनों पक्षों में पंचायत होने से कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दरअसल कस्बा के रेलवे क्रासिंग से थोड़ी दूर स्थित लाला लाल बिहारी धर्मशाला में बुधवार 9 दिसंबर को जिला हरदोई के उदरा गांव से एक बरात आई थी। बैंडबाजे के साथ बारात चढ़ने के बाद पंडित ने द्वारचार की रस्म कराई। बराती नाश्ता व भोजन करने में मशरूफ। जयमाल की रस्म के लिए दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। इस बीच दूल्हे के हावभाव देख लड़की पक्ष की महिलाओं को कुछ शक हुआ। जिसके बाद कुछ महिलाओं ने युवती की मां से जाकर बताया कि दूल्हा अजीब-अजीब हरकतें कर रहा है।

इसकी जानकारी पर लड़की की मां व अन्य परिजनों ने स्टेज पर जाकर दूल्हे से बातचीत की। इधर दुल्हन जयमाल हाथ में लेकर स्टेज पर चढ़ने वाली थी, तो महिलाओं ने दुल्हन से दूल्हे के मंद बुद्धि का होने की बात कही। इस पर युवती ने भी शादी से इनकार कर दिया।

युवती की मां ने बताया कि दूल्हा ठीक न होने पर भी बरात न लौटे, इसके लिए दूल्हे के छोटे भाई से शादी का प्रस्ताव दिया गया। रिश्ता तय होने के बाद दूल्हे का छोटा भाई ही उससे फोन पर बात करता था। स्वयं से शादी के प्रस्ताव पर छोटा भाई जब तैयार नहीं हुआ, तो बरात बिना दुल्हन बैरंग लौट गई।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह का इस मामले में कहना है कि 'सूचना पर वह रात एक बजे धर्मशाला पहुंचे थे। लड़की के दूल्हे से विवाह करने से मना करने के बाद दोनों पक्षों में तमाम देर तक पंचायत चली। दोनों की शादी डेढ़ महीने पहले तय हुई थी। सहमति न बनने पर बारात बैैरंग लौटा दी गई है।

Next Story

विविध