Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Chandauli Crime News: चंदौली के दबंग ठाकुरों ने किसान की फूंक दी झोपड़ी, 8 मवेशियों सहित सबकुछ लील गई आग

Janjwar Desk
26 Dec 2021 6:02 AM GMT
chandauli news
x

(चंदौली में ठाकुरों की दबंगई जलाकर मार दिए कई बेजुबान)

आग में जले मवेशियों में आठ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा इन मवेशियों में कुछ के पेट में बच्चा भी था। आग लगने से मड़ई में रखी खाद्यान्न सामग्री, चारपाई, रजाई, बिस्तर सब कुछ जलकर खाक हो गया...

Chandauli Crime News: उत्तर प्रदेश सरकार दावा करते नहीं अघा रही की सूबे से गुंडे बदमाश सिर पर पांव रखकर भाग गये हैं। बावजूद इसके माफिया और अपराध की घटना दर घटना रोज देखने को मिलती है। अब चंदौली जिले में गांव के ही कुछ मनबढ़ युवकों ने एक मड़ई में आग लगा दी। जिससे मड़ई में बंधे 10 मवेशी बुरी तरह जल गए।

आग में जले मवेशियों में आठ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा इन मवेशियों में कुछ के पेट में बच्चा भी था। आग लगने से मड़ई में रखी खाद्यान्न सामग्री, चारपाई, रजाई, बिस्तर सब कुछ जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का मौका मुआयना किया। पशुपालक की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार 21 दिसंबर की देर रात इलिया थाना क्षेत्र के खखड़ा बीच गांव में रामू यादव मकान बनाकर रहता है। तो वहीं बेन धरौली मुख्य मार्ग पर स्थित गांव में जाने वाले सड़क किनारे अपने खेत के पास मड़ई लगाकर वह मवेशी पालता है। वह वहीं रहकर उनकी रखवाली करता है। सोमवार की रात 8 बजे वह बीच गांव में स्थित अपने घर खाना खाने जा रहा था, उसी वक्त बाइक लहराते हुए तीन युवक गांव की तरफ जा रहे थे। इस पर रामू ने कहा गाड़ी ठीक से नहीं चला रहे हैं, चढ़ाने का इरादा है क्या।

यह बात बाइक चला रहे राजकुमार उर्फ प्रिंस सिंह, गर्जन सिंह को नागवार गुजरी और वह उसे गाली गलौज देने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर उन्होंने रामू की पिटाई कर दी। इसके बाद गाली गलौज व धमकी देते हुए दोनो युवक वहां से चले गये। फिर दोनों युवकों ने अपने साथी रामकृत सिंह पुत्र स्वर्गीय रामनरायण सिंह के साथ देर रात लगभग 12 बजे मड़ई को पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

देखते ही देखते मड़ई के पास में रखे पुआल की वजह से आग ने विकराल रूप पकड़ लिया। जब तक लोग आग बुझाते उसमें बधीं पांच गायें, एक बछड़े, दो बकरियों ने बुरी तरह झुलसकर दम तोड़ दिया। जबकि अधजली एक गाय और एक बछड़े को मड़ई से बमुश्किल बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ रात में ही मौके पर पहुंच गए और घटना का मौका मुआयना किया। सुबह मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने मृत मवेशियों का मेडिकल परीक्षण किया। पुलिस ने रामू की तहरीर पर 3 लोगों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

इस मामले में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने जनज्वार से हुई बातचीत में बताया कि, तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 142/2021 के तहत धारा 323/504/506/429/436 IPC में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इनमें से एक आरोपी राजकुमार उर्फ प्रिंस सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी दो फरार चल रहे हैं जल्द ही शेष दो आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस पड़ताल कर रही है।

वहीं इस मामले में मजदूर किसान एकता मंच का कहना है कि चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र स्थित खखड़ा गांव में 21 दिसंबर की रात ठाकुर जाति के दबंग जिसमें राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस सिंह, गर्जन सिंह व रामकृत सिंह द्वारा शाम को दारु पीकर रात करीब 12 बजे मड़ई पर पेट्रोल फेंककर फूंक दिया। जिसमें उनकी 6 गाय और 2 बकरी जल कर मर गयी। जिसमें चार गाय 1 महीने के अंदर बच्चा देने वाली थी जबकि एक गाय और एक बछड़ा पूरी तरह से झुलस गया। उनका बिस्तर और खाने पीने का सामान जल कर राख हो गया।

घटना के बाद रात में ही खखड़ा प्रधान रविंद्र नारायण सिंह की ट्रैक्टर ट्राली और जेसीबी का प्रयोग करते हुए इलिया पुलिस ने मिलकर सभी मृत जानवरों को बिना परिवार की इजाजत लिए जानवरों को लादकर दूर कहीं फेंक दिया और इलिया पुलिस ने सिर्फ आरोपी प्रिंस सिंह को सुबह गिरफ्तार किया, जबकि गर्जन सिंह फरार हो गए और राम कृत सिंह गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। आरोप है कि, पुलिस दबंगों सामंतों के दबाव में गिरफ्तार नहीं कर रही है। गांव के ही कुछ दबंग समझौता करने की धमकी दे रहे हैं। दबंगों का कहना है कि, 'समझौता कर लो नहीं तो इससे भी बुरा हाल कर देंगे।'

इस मामले में किसान एकता मंच ने सरकार से मांग करते हुए कहा है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पारस यादव, रामू यादव को 10 लाख का मुआवजा दिया जाए, साथ ही परिवार की सुरक्षा की गारण्टी की जाए।

Next Story

विविध