Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

Pilibhit News: रुहेलखंड में सबसे बड़ी जीत वाले किशन लाल का बीजेपी ने टिकट काटा, बीसलपुर में MLA का बेटा प्रत्याशी, पूरनपुर में विद्रोह

Janjwar Desk
21 Jan 2022 5:31 PM GMT
Pilibhit News: रुहेलखंड में सबसे बड़ी जीत वाले किशन लाल का बीजेपी ने टिकट काटा, बीसलपुर में MLA का बेटा प्रत्याशी, पूरनपुर में विद्रोह
x

Pilibhit News: रुहेलखंड में सबसे बड़ी जीत वाले किशन लाल का बीजेपी ने टिकट काटा, बीसलपुर में MLA का बेटा प्रत्याशी, पूरनपुर में विद्रोह

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) ने शुक्रवार को जिन 85 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, उसमें जनपद पीलीभीत में चार विधानसभा क्षेत्रों में दो पर मौजूदा विधायकों पर ही भरोसा जताया गया

पीलीभीत से निर्मल कांत शुक्ल की रिपोर्ट

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) ने शुक्रवार को जिन 85 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, उसमें जनपद पीलीभीत में चार विधानसभा क्षेत्रों में दो पर मौजूदा विधायकों पर ही भरोसा जताया गया जबकि रूहेलखंड में सबसे बड़ी जीत दर्ज कराने वाले बरखेड़ा विधायक किशन लाल राजपूत (Kishan Lal Rajput) का भाजपा ने टिकट काट दिया है। उनके स्थान पर लगातार को चुनाव हार चुके स्वामी प्रवक्ता नंद (Swami Pravakta Nand) को टिकट दिया गया है। जबकि बीसलपुर (Bisalpur) विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रहे मौजूदा विधायक रामसरन वर्मा के आग्रह को संगठन में स्वीकार करते हुए उनके बेटे विवेक वर्मा (Vivek Verma) को मैदान में उतारा है।

जनपद पीलीभीत में 4 विधानसभा सीटें हैं। वर्तमान में चारों पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। पीलीभीत संसदीय सीट से भाजपा के वरुण गांधी सांसद हैं। शुक्रवार को जारी भाजपा प्रत्याशियों की सूची में पीलीभीत सदर से संजय सिंह गंगवार, पूरनपुर (अजा सुरक्षित) से बाबूराम पासवान को टिकट देकर संगठन ने पुनः उन पर भरोसा जताया है।

बीसलपुर विधानसभा सीट

बीसलपुर विधानसभा सीट से पूर्व दुग्ध विकास उप मंत्री व मौजूदा विधायक, लोध किसान बिरादरी के बड़े नेता रामसरन वर्मा चूंकि 72 वर्ष के हो रहे थे, इसलिए पार्टी की प्रत्याशी चयन पॉलिसी के अंतर्गत श्री वर्मा ने 2022 के चुनाव के लिए अपने स्थान पर संगठन से अपने बेटे विवेक वर्मा को प्रत्याशी बनाने का अनुरोध किया था। करीब एक सप्ताह पहले श्री वर्मा ने अपने खास समर्थकों की अपने आवास पर बैठक बुलाकर भी सभी से अनुरोध किया था कि एक बार उनके इकलौते बेटे को सब लोग मिलकर विधायक बनवा दें। यदि वह विधायक बनकर जन आकांक्षाओं पर खरा न उतरे तो अगली बार उसको बिल्कुल मौका ना दें।

विधायक पुत्र को मिला टिकट

भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के पुराने और वफादार मौजूदा विधायक रामसरन वर्मा के आग्रह को स्वीकार कर इस सीट पर दावा कर रहे अन्य तमाम नेताओं के नामों को दरकिनार कर विधायक पुत्र विवेक वर्मा के नाम पर मुहर लगा दी।

बरखेड़ा विधानसभा सीट

बरखेड़ा विधानसभा सीट से वर्तमान में भाजपा के किशन लाल राजपूत मौजूदा विधायक हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में रूहेलखंड में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम दर्ज है।2017 में बरखेड़ा में कुल 49.37 प्रतिशत वोट पड़े थे । 2017 में भारतीय जनता पार्टी से किशन लाल राजपूत ने समाजवादी पार्टी के हेमराज वर्मा को 57930 वोटों के भारी अंतर से हराया था। लेकिन किशन लाल राजपूत अपने 5 साल के कार्यकाल में जन आकांक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। इधर लगातार मीडिया में बरखेड़ा के क्षेत्र की जनता मौजूदा विधायक को टिकट न दिए जाने के लिए खुल कर बोल रही थी। भाजपा ने उनका टिकट काट दिया। उनके स्थान पर बरखेड़ा सीट से स्वामी प्रवक्ता नंद को टिकट दिया गया है, जिनकी पिछले चुनाव में करारी हार के साथ जमानत जब्त हो चुकी है। स्वामी प्रवक्ता नंद ने वर्ष 2017 का चुनाव टिकट ना मिलने पर भाजपा के बागी के रूप में राष्ट्रीय लोक दल से लड़ा था। स्वामी प्रवक्ता नंद मात्र 22631 वोट पाकर अपनी जमानत जब्त करा कर चौथे स्थान पर रहे थे। स्वामी प्रवक्ता नंद भी लंबे समय तक मेनका गांधी के प्रतिनिधि रहे। उनको सांसद वरुण गांधी का सबसे करीबी और खासम खास माना जाता है।

पूरनपुर विधानसभा सीट (अजा सुरक्षित)

पूरनपुर विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा के बाबूराम पासवान विधायक हैं। उनको पिछला टिकट पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी और सुल्तानपुर की सांसद मेनका गांधी की सिफारिश पर दिया गया था। उनको इन दोनों का सबसे करीबी माना जाता है। वह विधायक बनने से पहले लंबे समय तक मेनका गांधी के प्रतिनिधि भी रहे। 2017 में पूरनपुर (सुरक्षित) में कुल 52.06 प्रतिशत वोट पड़े। 2017 में भारतीय जनता पार्टी से बाबू राम पासवान ने समाजवादी पार्टी के पीतम राम को 39242 वोटों के मार्जिन से हराया था। शुक्रवार को जारी सूची में भाजपा ने एक बार फिर मौजूदा विधायक बाबूराम पासवान पर भरोसा जताते हुए उनको टिकट देने की घोषणा कर दी।

सदर विधानसभा सीट

सदर विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा के संजय सिंह गंगवार विधायक हैं। 2017 में पीलीभीत में कुल 54.20 प्रतिशत वोट पड़े। 2017 में भारतीय जनता पार्टी से संजय सिंह गंगवार ने समाजवादी पार्टी के रियाज अहमद को 43356 वोटों के मार्जिन से हराया था। पूर्व मंत्री रियाज अहमद का बीते वर्ष कोरोना से निधन हो चुका है। इस सीट पर संगठन के तमाम पुराने दिग्गज इस बार भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे थे। इस सबको दरकिनार कर भाजपा ने पेशे से कॉलोनाइजर जनपद के चर्चित विधायक संजय सिंह गंगवार के नाम पर तमाम जोखिमों को उठाते हुए एक बार फिर मुहर लगा दी है।

पूरनपुर भाजपा में बगावत, अशोक राजा का इस्तीफा

पूरनपुर (अनुसूचित जाति सुरक्षित) विधानसभा सीट से टिकट के प्रबल दावेदार, सीआरपीएफ के रिटायर्ड इंस्पेक्टर अशोक राजा ने संगठन के निर्णय को अस्वीकार कर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देकर बगावत का ऐलान कर दिया है। वर्ष 2017 के चुनाव में भी अशोक राजा टिकट के मजबूत दावेदार थे, तब भी मेनका-वरुण की पैरवी के चलते उनको दरकिनार कर बाबूराम पासवान को टिकट दे दिया गया था, उस समय संगठन के लोगों ने उनको समझा-बुझाकर यह कहकर शांत कर दिया गया था कि अगली बार उनको मौका दिया जाएगा। शुक्रवार को भाजपा की प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद आहत होकर अशोक राजा ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। पार्टी जिलाध्यक्ष को संबोधित पत्र में श्री राजा ने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता से त्यागपत्र देता हूं। उन्होंने त्यागपत्र की प्रतिलिपि अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट की, जिसमें ऊपर लिखा कि राजनीति मेरा व्यवसाय नहीं है।

Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story

    विविध