Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी ने किया आंदोलन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, हिरासत में लिए प्रदर्शनकारी

Janjwar Desk
14 Dec 2020 3:28 PM GMT
किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी ने किया आंदोलन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, हिरासत में लिए प्रदर्शनकारी
x
बाराबंकी के छाया चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के कई कार्यकताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, इन सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया, इसके अलावा एमएलसी राजेश यादव के नेतृत्व में गांधी भवन में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे....

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के कार्यकर्ताओं ने किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। इस दौरान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी अपने सरकारी आवास के गेट पर ही धरने पर बैठ गए। वहीं, सपा के अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने कैसरबाग में प्रदर्शन किया।

इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प भी हो गई। जिस पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। नगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित और महासचिव सौरभ सिंह यादव को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस वैन में भरकर भेजा गया। वहीं नगर अध्य्क्ष सुशील दीक्षित सहित कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही पुलिस की बस ओडियन सिनेमा के सामने खराब हो गई।

बाराबंकी के छाया चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के कई कार्यकताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इन सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। इसके अलावा एमएलसी राजेश यादव के नेतृत्व में गांधी भवन में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप अपने घर पर ही धरने पर बैठे थे। इसके साथ ही सांसद उपेंद्र सिंह रावत के घर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।

सीतापुर में प्रदर्शन के कारण पूरे जिले में हाई अलर्ट रहा। इस दौरान सपा और किसान संगठनों को प्रदर्शन से रोकने के लिए प्रशासन व पुलिस मशक्कत करती रही। शहर में सख्त पहरे के बाद भी एमएलसी आनंद भदौरिया के नेतृत्व में तमाम सपाई पुलिस को चकमा देकर गांधी पार्क पहुंचकर धरने पर बैठ गए।

एमएलसी आनंद भदौरिया ने मीडिया से मुखातिब होते हुए केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा किसानों की आय दोगुनी करने का सब्जबाग दिखाने वाली केंद्र सरकार ने कृषि बिल लागू कर साबित कर दिया कि वह किस कदर छलावा करने में माहिर है।

Next Story

विविध