Samajwadi Party Convention: नरेश उत्तम पटेल फिर बने सपा के प्रदेश अध्यक्ष, अखिलेश यादव ने महाधिवेशन में किया ये बड़ा ऐलान

Samajwadi Party Convention: नरेश उत्तम पटेल फिर बने सपा के प्रदेश अध्यक्ष, अखिलेश यादव ने महाधिवेशन में किया ये बड़ा ऐलान
Samajwadi Party Convention In Lucknow: लखनऊ (Lucknow) के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में चल रहे समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के 9वें राज्य सम्मलेन में आज पहले दिन नरेश उत्तम पटेल (Naresh Uttam Patel) को फिर से सपा का प्रदेश अध्यक्ष (State President) चुना गया है। इसकी घोषणा सपा के राष्ट्रीय महासचिव और चुनाव अधिकारी रामगोपाल यादव (Ram Gopal Yadav) ने की है।
उन्होंने बताया कि दो सिटों में सिर्फ पटेल का ही नामांकन पत्र मिला था। जिसकी जांच के बाद सर्वसम्मति से निर्विरोध नरेश उत्तम पटेल को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। इस मौके पर अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) सहित सभी बड़े नेताओं ने नरेश उत्तम पटेल को बधाई दी। कल यानी गुरुवार को अखिलेश यादव को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय है।
अखिलेश बोले, सिर्फ सपा ही भाजपा को हरा सकती है
इस मौके पर अखिलेश यादव ने सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर नरेश उत्तम पटेल को बधाई दी। उसके बाद पूरे प्रदेश से आये कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा (BJP) को हराने की ताकत सिर्फ समाजवादी पार्टी में ही है। यह कोई छोटी लड़ाई नहीं है, हमें समाज को बांटने वाली ताकतों को सत्ता से बाहर करना है। भाजपा को हराने के लिए जो भी त्याग हम कर सकते थे, वो हमने किया। 2019 के चुनाव में बहुजनों की ताकत को भी अपने साथ लिया। अब जो लोग सरकार में बैठे हैं, वो सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं।
इस मौके पर अखिलेश ने अपनी सरकार के कामों को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि जब-जब प्रदेश में सपा की सरकार बनी, तब-तब प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम हुआ। हमारी सरकार ने लखनऊ में लोहिया पार्क, जनेश्वर पार्क और जेपी सेंटर दिया। लखनऊ में मेट्रो चलवाने का काम भी हमारी सरकार ने किया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे का निर्माण भी हमने रिकॉर्ड समय में करवाया। योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा की ये सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है।











