Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

UP : बिकरू कांड के बाद कानपुर में पुलिस टीम पर फिर हुआ हमला, दारोगा व सिपाही को पीटकर छीन लिए हथियार

Janjwar Desk
21 March 2021 4:13 AM GMT
UP : बिकरू कांड के बाद कानपुर में पुलिस टीम पर फिर हुआ हमला, दारोगा व सिपाही को पीटकर छीन लिए हथियार
x
कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे द्वारा पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद अब ताजा मामला कानपुर देहात में सामने आया है यहां के रसूलाबाद कोतवाली के कहिंजरी इलाके में एक महिला की शिकायत पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर महिला के ससुर और पति ने घरवालों के साथ मिलकर हमला बोल दिया...

जनज्वार, कानपुर देहात। यूपी के कानपुर देहात में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब महिला उत्पीड़न की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर दबंगों ने जबरदस्त हमला बोल दिया। हमले में चौकी इंचार्ज और सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। और तो पुलिस टीम के हथियार भी लूट लिए गए। घायल दरोगा और सिपाही को गंभीर हालत में कानपुर सिटी में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद भारी पुलिस बल के साथ आलाधिकारी मौके पर पहुंचे वहीं हमलावर मौके से फरार हो गए।

कानपुर क्षेत्र के इलाकों में पुलिस पर हमला करने का दौर अभी थमा नहीं है। कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे द्वारा पुलिस कर्मियों की हत्या के बाद अब ताजा मामला कानपुर देहात में सामने आया है। यहां के रसूलाबाद कोतवाली के कहिंजरी इलाके में एक महिला की शिकायत पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर महिला के ससुर और पति ने घरवालों के साथ मिलकर हमला बोल दिया। हमला बोलने के साथ ही चौकी इंचार्ज की पिस्टल और सिपाही की बंदूक भी लूट ली।

अचानक बोले गए हमले में एक दरोगा और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में कानपुर शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस टीम पर हमला करने वाले हमलावर रफीक पर पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस टीम पर हमले की सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।

गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहीं मौके पर कानपुर जोन के एडीजी भानु भास्कर भी पहुंचे और अपराधियों को कड़ा संदेश जारी किया। साथ ही कहा कि पुलिस टीम पर हमला करने और उनके हथियार लूटने वाले हमलावरों को गम्भीर परिणाम भुगतने होगे। उन्होंने कहा कि अपराधियो पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

कानपुर देहात की रसूलाबाद कोतवाली के कहिंजरी चौकी क्षेत्र के गांव भीखदेव कहिंजरी की रहने वाली शाह बेगम नाम की महिला ने अपने पति अजमत अली और ससुराली जनों पर मारने पीटने और प्रताड़ना का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत महिला ने राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर से की थी। अजमत का पिता रफीक पुराना अपराधी बताया जाता है। राज्य महिला आयोग की सदस्य के निर्देश पर चौकी इंचार्ज कहिंजरी गजेंद्र पाल सिंह अपने हमराही सिपाही समर सिंह को लेकर देर रात जांच करने गांव पहुंचे थे।

महिला ने देर शाम को पुलिस चौकी में मारपीट कर घर से बाहर निकालने की शिकायत की थी। पुलिस जब अजमत के घर पहुंची तो पुलिस के सामने ही आरोपी अजमत और उसके परिजनों ने साह बेगम को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने रोकना चाहा तो उन सभी ने मिलकर चारों तरफ से पुलिस पर हमला कर दिया, और जमकर ईट पत्थरों की बौछार कर दी। इस हमले में चौकी इंचार्ज और सिपाही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए साथ ही पुलिस टीम के हथियार भी लूट लिए। हमलावरों ने चौकी इंचार्ज की पिस्टल और सिपाही की बंदूक लूट ली और मौके से फरार हो गए।

दबंगों के हमले में दारोगा गजेंद्र पाल सिंह और सिपाही समर सिंह बुरी तरह घायल हो गए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट हॉस्पिटल लाया गया। जहां से उनको एक प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। दोनों के सिर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आ रही है।

कानपुर देहात के एसपी केशव कुमार चौधरी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी में दबिश शुरू की गई। पुलिस ने अभी तक दो लोगो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी की माने तो महिला द्वारा अपने पति और ससुरालियों पर उत्पीड़न करने और मारपीट करने की शिकायत की गई थी। जिसकी जांच करने चौकी इंचार्ज गजेन्द्र पाल सिंह सिपाही समर सिंह के साथ वहाँ पहुचे थे कि उसके ससुराली जनों ने हमला बोल दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। साथ ही हमलावरों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज करा रहे घायल चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह और सिपाही समर सिंह को देखने पहुचे कानपुर के डीआईजी प्रतिन्दर सिंह का कहना है पुलिस एक महिला की शिकायत पर जाच करने उसकी ससुराल गई थी। महिला ने पुलिस से मारपीट करने की शिकायत की थी। पुलिस जब जाच करने गए तो पति और उसके परिजनों से हमला कर दिया। जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल है डॉक्टरों का कहना है वे खतरे से बाहर है।

Next Story