Begin typing your search above and press return to search.
चुनावी पड़ताल 2019

मोदी के मंत्रियों की बदजुबानी हाईट पर, प्रियंका को कहा 'पप्पू' की जगह अब आ गयी 'पप्पी'

Prema Negi
18 March 2019 12:37 PM GMT
मोदी के मंत्रियों की बदजुबानी हाईट पर, प्रियंका को कहा पप्पू की जगह अब आ गयी पप्पी
x

संस्कृति मंत्री महेश शर्मा मैं भी चौकीदार कैंपेन के सिपाही हैं और ऐसे सिपाही जिन्हें नहीं आती महिलाओं की इज्जत करनी भी...

जनज्वार। मोदी के मंत्रियों का अपनी जुबान पर कोई काबू नहीं है, यह बात समय—समय पर सिद्ध होती रहती है। ताजा मामला जुड़ा है मोदी कैबिनेट के मंत्री महेश शर्मा से, जिन्होंने कांग्रेस महा​सचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी पर ऐसी टिप्पणी की है, जिसके लिए वह सोशल मीडिया पर ट्रोल होने लगे हैं।

प्रियंका गांधी पर ओछी टिप्पणी और हमलावर होते हुए केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में पप्पू के बाद अब पप्पी आ गई है। गौरतलब है कि संस्कृति मंत्री महेश शर्मा मैं भी चौकीदार कैंपेन के सिपाही हैं और ऐसे सिपाही जिन्हें महिलाओं की इज्जत करनी भी नहीं आती।

गौरतलब है कि चुनावों की तारीखों का ऐलान होने के बाद जहां सोशल मीडिया पर भाजपा से जुड़े तमाम बड़े—बड़े नेताओं समेत गली-मोहल्ले के गुंडे तक ने मैं भी चौकीदार कैंपेन में शिरकत कर ली है, वहीं एक दूसरे पर हमलावर होने का दौर भी जारी है।

कांग्रेस और भाजपा के बीच 'चौकीदार चोर है' बनाम 'मैं भी चौकीदार' के नारों के जरिए सोशल मीडिया पर घमासान चल रहा है। इस टीका टिप्पणी और हमले को और आगे बढ़ाते हुए संस्कृति मंत्री महेश शर्मा का अपनी जुबान पर काबू नहीं रहा और उन्होंने प्रियंका गांधी को सरेआम पप्पू की पप्पी कह डाला।

सिकंदराबाद में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि मायावती, अखिलेश यादव, पप्पू और अब तो पप्पू की पप्पी (प्रियंका गांधी) भी आ गई हैं।

उन्होंने आगे कहा 'वह पप्पू कहता है मैं प्रधानमंत्री बनूंगा। मायावती, अखिलेश यादव, पप्पू और अब पप्पू की पप्पी भी आ गई है, वह प्रियंका पहले हमारे देश की बेटी नहीं थी क्या? क्या कांग्रेस की बेटी, सोनिया परिवार की बेटी नहीं थी क्या, आगे नहीं रहेगी क्या? क्या नया लेकर आई है वह? पहले नेहरू, फिर राजीव गांधी, फिर संजय गांधी, फिर राहुल गांधी, फिर प्रियंका गांधी...और कोई होगा तो वह भी गांधी।'

प्रियंका को 'पप्पी' कहने पर ही महेश शर्मा की जुबान नहीं रुकी। यहां वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी आक्रामक हुए। महेश शर्मा ने कहा, 'अगर ममता बनर्जी यहां आकर कथक नाच करने लगें तो उनकी कौन सुन रहा है, कुमार स्वामी कर्नाटक का सीएम यहां आकर गीत गाने लगे तो कौन सुन रहा उनकी। 72 सीट इनकी हैं, 200 कहां से लाएंगे। आज भी इन लोगों ने यहां की माटी के, किसान के लाल चौधरी चरण सिंह, जो वास्तव में किसानों के मसीहा थे, उनकी भी यही दुर्गति की थी। पहले तो सरकार बनवा दी, फिर पीछे से तख्ता खींच लिया।'

वहीं राहुल गांधी पर हमला करते हुए महेश शर्मा ने कहा, 'कांग्रेसी मजबूत सरकार नहीं चाहते, बल्कि कमजोर सरकार चाहते हैं, इसीलिए तो कहते हैं अपने पप्पू का साथ लेंगे। पप्पू तो पप्पू ही रह गया बेचारा। उस दिन हम भी थे पार्लियामेंट में, सामने मोदीजी बैठे थे। एक पंक्ति पीछे हम भी बैठे थे। क्या आंख मारी साहब मैं भी पीछे बैठा था, घायल हो गया मैं भी।'

महेश शर्मा की इस टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए पत्रकार अभिषेक कश्यप लिखते हैं, 'ये भाषा है भाजपा नेता और देश के संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा की। ऐसा अश्लील, अमर्यादित और कुसंस्कारी शख्स, जो किसी सभ्य नागरिक समाज का वाशिंदा तक नहीं हो सकता, दुर्भाग्य से देश का संस्कृति मंत्री है।'

वहीं प्रियम सिंह कहते हैं, 'मोदी के मंत्री ने प्रियंका गांधी को बताया पप्पू की 'पप्पी', क्या महिलाओं को गाली देकर चुनाव जीतेगी भाजपा?'

Next Story

विविध