Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

UP Election 2022 : भूपेश बघेल आगरा में बोले- भाजपा का काम है राम नाम जपना, पराया माल अपना

Janjwar Desk
29 Jan 2022 2:43 PM GMT
UP Election 2022 : भूपेश बघेल आगरा में बोले- भाजपा का काम है राम नाम जपना, पराया माल अपना
x
(भूपेश बघेल आगरा में बोले- भाजपा का काम है राम नाम जपना, पराया माल अपना)
UP Election 2022 : भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस योगी सरकार की तरह नहीं है, जिसका काम राम राम जपना पराया माल अपना करना है, योगीराज में केवल बुलडोजर और डंडा चला है...

Bhupesh Baghel : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगरा में युवाओं से संवाद करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस योगी सरकार की तरह नहीं है, जिसका काम राम राम जपना पराया माल अपना करना है। साथ ही भूपेश बघेल ने कहा कि हम झूठ नहीं बोलेंगे, जो वादे चुनाव घोषणापत्र में किए गए हैं, उन्हें हम पूरा करेंगे। योगीराज में केवल बुलडोजर और डंडा चला है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना उपलब्धि, नहीं जिम्मेदारी है। भाजपा सरकार ने महिलाओं को सम्मान और युवाओं को रोजगार नहीं दिया।

कांग्रेस के लिए मांगे वोट

बता दें कि भूपेश बघेल ने आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र में अर्जुन नगर से डोर-टू-डोर जनसंपर्क की शुरुआत की। उन्होंने बुजुर्गों के हाथ जोड़े और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनावी घोषणाओं का हवाला देकर महिलाओं से पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की है। बता दे कि उन्होंने अर्जुन नगर, बारह खंबा, रूई की मंडी, सदर की भट्टी, नाई की मंडी, नालबंद में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार किया।

कई मुद्दों पर उठाए सवाल

पचकुइया स्थित माथुर वैश्य भवन में आयोजित युवा संवाद में भूपेश बघेल ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और ताकत देश के नवनिर्माण में लगनी चाहिए, लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिल रहे हैं। किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। सरकारी संस्थाओं का निजीकरण किया जा रहा है। उप्र में बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में 12 लाख शासकीय पद खाली हैं। राज्य सरकार परीक्षा की तिथि घोषित करती है, तो पेपर लीक हो जाता है, युवाओं की मेहनत बर्बाद होती जा रही है। परीक्षा हो जाती है तो परिणाम घोषित नहीं होता है।

बीजेपी पराया माल बना रही है अपना

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश का विकास, संस्कार संस्थाओं को मजबूत किया था लेकिन भाजपा सब बेच रही है। भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का काम राम नाम जपना, पराया माल अपना है। साथ ही उन्होंने कहा कि गौशाला में गाय मर रही हैं, लेकिन गौशाला का मालिक पैसे वाला हो रहा है।

योगी सरकार पर साधा निशाना

भूपेश बघेल ने योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा है। योगी सरकार पर हमला बोलते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने 5 सालों में 25 लाख नौकरी देने का वादा किया था लेकिन कोई भर्ती नहीं हुई| नौकरी मांग रहे छात्रों को पुलिस ने पीटा है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूलों में मास्टर नहीं है। अस्पताल में डॉक्टर नहीं है।

Next Story

विविध