Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

UP Election 2022 : प्रयागराज में CM योगी पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- गर्मी निकालने की बात कहने वालों की जनता निकाल देगी भाप

Janjwar Desk
24 Feb 2022 2:07 PM GMT
UP Election 2022 : प्रयागराज में CM योगी पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- गर्मी निकालने की बात कहने वालों की जनता निकाल देगी भाप
x

 अखिलेश यादव हुए CM योगी पर हमलावर

UP Election 2022 : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण में ही सपा ने शतक लगा लिया था, तीसरे और चौथे चरण में दोहरा शतक लग गया है, पहली बार ऐसा चुनाव हो रहा है कि यह चुनाव जनता लड़ रही है...

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान के बाद अब पांचवें चरण के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। सभी राजनीतिक पार्टियां पांचवें चरण के चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। यूपी विधानसभा चुनाव की गहमा गहमी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज गुरुवार 24 फरवरी की शाम प्रयागराज में रोड शो के दौरान सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा है।

सपा ने लगाया दोहरा शतक

बता दें कि जनसभा को संबोधित करने के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण में ही सपा ने शतक लगा लिया था। तीसरे और चौथे चरण में दोहरा शतक लग गया है। पहली बार ऐसा चुनाव हो रहा है कि यह चुनाव जनता लड़ रही है। साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि यह डबल इंजन के सरकार के लोग झूठ बोल रहे हैं। जनता इनकी पटरियां उखाड़ देंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोल रहे हैं और बड़े नेता बड़ा झूठ बोल रहे हैं और सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोल रहा है।

बाबा ने कराया गोरखपुर का टिकट

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रोड शो के दौरान भाजपा नेता पर तंज कसते हुए कहा कि वह पहले कहते है कि 12वीं पास करके जो भी इंटर में एडमिशन लेंगे उनको स्कूटी दी जाएगी। अब आप बताइए 12वीं पास करने के बाद इंटर में एडमिशन कैसे होगा। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री ने लखनऊ से गोरखपुर के लिए 11 तारीख की टिकट भी ले ली है। जो गर्मी निकालने की बात कह रहे हैं, प्रयागराज के लोग वोट डालकर उनकी भाप निकाल देंगे।

भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई सैर कराने की बात कर रही थी लेकिन उसने हवाई जहाज बेच दिए। हवाई अड्डे बेच दिए। बंदरगाह बेच दिए। बता दें कि शहर से 30 किलोमीटर दूर हंडिया में पॉलिटेक्निक कॉलेज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार यह सब इसलिए बेच रही है ताकि उसे लोगों को ना तो आरक्षण देना पड़े और ना ही नौकरी देना पड़े।

भरे जाएंगे पुलिस के सभी खाली पद

जनता को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में लौटे तो पुलिस विभाग में खाली बड़े सभी पदों को भरा जाएगा| इसके साथ ही सेना में भी भर्ती निकालने के लिए उनकी सरकार हर संभव कोशिश करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि देश का नौजवान वर्दी पहनकर देश की सेवा करना चाहता है। वह अपने कामकाज के साथ ही सुबह उठकर सेना में भर्ती होने की तैयारी शुरू कर देता है। युवाओं की कड़ी मेहनत के बाद भी सरकार ने 3 साल से सेना में भर्ती नहीं निकाली है। आज उनकी उम्र बढ़ती जा रही है। साथ ही अखिलेश यादव ने 11 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात भी कही है।

Next Story

विविध