Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

Uttarakhand Election 2022 : प्रियंका गांधी ने BJP पर साधा निशाना, बोलीं- दो उद्योगपतियों की है मोदी सरकार

Janjwar Desk
12 Feb 2022 2:03 PM GMT
Uttarakhand Election 2022 : प्रियंका गांधी ने BJP पर साधा निशाना, बोलीं- दो उद्योगपतियों की है मोदी सरकार
x

प्रियंका गांधी ने BJP पर साधा निशाना, बोलीं- दो उद्योगपतियों की है मोदी सरकार

Uttarakhand Election 2022 : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश की नीतियां सिर्फ 2 उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं, जो पीएम मोदी के दोस्त हैं, जब बजट आता है तो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ भी नहीं दिया जाता है...

Uttarakhand Election 2022 : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों का एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज शनिवार 12 फरवरी को उत्तराखंड में कई जनसभाएं कर कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत लगा रही हैं। इस क्रम में प्रियंका गांधी ने खटीमा में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार केवल दो उद्योगपति की सरकार रह गई है।

बीजेपी को बताया दो उद्योगपतियों की सरकार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश की नीतियां सिर्फ 2 उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं, जो पीएम मोदी के दोस्त हैं। जब बजट आता है तो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ भी नहीं दिया जाता है। साथ ही प्रियंका गांधी ने सवालिया अंदाज में कहा कि एक राजनीतिक नेता का सबसे बड़ा कर्तव्य क्या है। जनता की सेवा और उनका विकास। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए जनता से कहा कि आज सभी भाजपा नेता आपके सीएम से लेकर देश के पीएम तक केवल अपने विकास के बारे में सोच रहे हैं। कोई आपके बारे में नहीं सोच रहा है। यहां पलायन ज्यादा है। यह तब होता है, जब राज्य में नौकरी पैदा नहीं हो रही है। आपके राज्य में सब कुछ है, हिमालय, प्रकृति, पर्यटन के अवसर हैं, लेकिन रोजगार नहीं है। नौकरी के लिए यहां से लोग पलायन कर रहे हैं।

उत्तराखंड में आएगी कांग्रेस की सरकार

इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि कांग्रेस ने प्रवासी श्रमिकों की मदद की और राजनीति करके देशभर में कोरोना फैलाया। इस पर प्रियंका गांधी ने पूछा कि वे सड़कों पर चल रहे थे, उनके लिए कोई सुविधा नहीं थी। क्या हम उन्हें ऐसे ही छोड़ देते? तब हम राजनीति नहीं कर रहे थे, अपना फर्ज निभा रहे थे। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आएगी क्योंकि जनता भाजपा सरकार से थक चुकी है। मुख्यमंत्री को लोगों को बताना चाहिए कि महंगाई पर लगाम लगाने और रोजगार बढ़ाने के लिए क्या करने जा रहे हैं। वह महिलाओं के लिए क्या करने जा रहे हैं।

सरकार ने प्रदेश को किया बर्बाद

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी खटीमा में जनसभा को संबोधित करने हल्द्वानी पहुंची और यहां उन्होंने कहा कि भाजपा ने 5 साल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। सरकार की कुनीतियों और बदनियत ने प्रदेश को बर्बादी के मुहाने तक पहुंचाया। कोरोना काल में भाजपा सरकार ने लोगों को दाने-दाने के लिए मोहताज किया, अलग-अलग शहरों में उत्तराखंड के लोगों को बंधक बनाया, तब परेशान लोगों की मदद कांग्रेस ने की, कांग्रेस का हाथ हमेशा उत्तराखंड के साथ है। भाजपा सरकार ने राज्य को बेरोजगारी का दंश दिया और युवाओं को बेकारी के दलदल में धकेला है। कांग्रेस युवाओं को उस बेरोजगारी के दलदल से निकालेगी। साथ ही प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस चार लाख युवाओं को रोजगार देगी।

महिलाओं का उठाया मुद्दा

प्रियंका गांधी ने श्रीनगर में बद्रीनाथ केदारनाथ के जयकारों से संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बहनों में बड़ी शक्ति है। महिलाएं सक्षम बने, सशक्त बने यहीं हमारा सपना है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, दूसरी समस्या महंगाई और तीसरी समस्या स्वास्थ्य सुविधाओं का ना होना है। भाजपा की सरकारें अमीरों के लिए चलती हैं और महंगाई का बोझ महिलाएं उठाती हैं। पहाड़ में गैस सिलेंडर 2000 हजार रुपए का पड़ता है।

कई मुद्दों पर बीजेपी को घेरा

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन के दौरान कई मुद्दे उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार ने यहां की जनता के लिए कुछ भी नहीं किया है। यहां खाली पदों को भरने के लिए कुछ नहीं किया गया। जनता पर नोटबंदी और जीएसटी को थोपा गया। जिससे छोटे व्यापारियों की कमर टूट गई। दो लोगों को देश की कंपनी बेची जा रही हैं। देश के बजट में स्वास्थ्य शिक्षा के लिए आवंटन नहीं बढ़ाया गया है। भाजपा शासित सरकार चलाने के लायक नहीं है। उनके राज में सिर्फ भाजपा के नेताओं और उद्योगपतियों का विकास हुआ है। किसानों को दबाने वाले मंत्री पुत्र को रिहा करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी के क्षेत्र में सड़कों में गड्ढे हैं।

Next Story

विविध