Begin typing your search above and press return to search.
समाज

कानपुर के बालिका गृह में 2 नहीं 7 लड़कियां गर्भवती, देर रात डीएम-कमिश्नर ने दिया ये बयान

Janjwar Desk
22 Jun 2020 2:50 AM GMT
कानपुर के बालिका गृह में 2 नहीं 7 लड़कियां गर्भवती, देर रात डीएम-कमिश्नर ने दिया ये बयान
x
संरक्षण गृह में लाकर रखी गई लड़कियों में गर्भवती बालिकाओं की संख्या 2 से बढ़कर 7 हो चुकी है, ये सभी लड़कियां यूपी के अलग अलग जिलों की बताई जा रही हैं...

जनज्वार। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित स्वरूप नगर बालिका संरक्षण गृह की 2 नहीं बल्कि 7 लड़कियां गर्भवती हैं। इससे पहले दो लड़कियों की गर्भवती पाए जाने की खबर मीडिया में आई थी, जिसके बाद नीचे से लेकर ऊपर तक शासन-प्रशासन में हड़कम्प मच गया था। अब सामने आया है कि सरकारी बालिका संरक्षण गृह की 2 नहीं बल्कि 7 लड़कियां गर्भवती हैं।

बालिका गृह की 2 लड़कियों जिनकी उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है, वह दोनों गर्भवती होने के साथ एचआइवी पोजीटिव व हैपेटाइटिस सी संक्रमित बताई गई थीं। अब गर्भवती लड़कियों की संख्या में इजाफा हो गया है। यहां लाकर रखी गई लड़कियों में गर्भवती बालिकाओं की संख्या 2 से बढ़कर 7 हो चुकी है। ये सभी लड़कियां यूपी के अलग अलग जिलों की बताई जा रही हैं। प्रशासन इसकी जांच कर रहा है।

दरअसल तीन दिन पहले कानपुर के राजकीय बालिका गृह व संरक्षण गृह में 33 कोरोना संक्रमित लडकिया मिली थीं। रविवार 21 जून तक यह संख्या बढ़कर 57 हो गई। इन सभी कोरोना संक्रमित लड़कियों में दो लड़कियां गर्भवती मिलने के बाद शासन में हड़कम्प मच गया था। दोनों हो लड़कियों में एक एचआईवी पॉजिटिव तो दूसरी हेपेटाइटिस सी से संक्रमित थी। खबर मीडिया में चली तो जवाबदेहों के हाथ पांव फूल गए, पहले पहल सबने जवाब देने से किनारा काटना शुरू कर दिया।

मामले ने इतना तूल पकड़ा कि रविवार 21 जून की देर रात मंडलायुक्त सुधीर एम बोबडे व डीएम कानपुर ब्रह्मदेव राम तिवारी को जवाब देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि बालिका गृह की दो नहीं, बल्कि दो समेत 5 अन्य यानी कुल 7 लड़कियां गर्भवती हैं। डीएम ने कहा की यह सभी लड़कियां राज्य के अलग अलग जिलों से लाई गई हैं। इनमें से 5 कोरोना संक्रमित हैं व 2 निगेटिव।

डीएम व कमिश्नर ने संयुक्त बयान के आधार पर बताया कि यह लड़कियां आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कन्नौज व कानपुर नगर से दाखिल की गई है। यह सरकारी संरक्षण गृह में रह रहीं थीं। साथ ही उन्होंने बताया कि यह सभी लड़कियां पॉक्सो एक्ट के तहत लाकर रखी गई थीं। इन सभी का ईलाज चल रहा है।

डीएम ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया, कानपुर के बालिका संरक्षण गृह में कोविड-19 संक्रमित अब तक 57 मामले पाए जा चुके हैं। सभी को कोविड इलाज के लिए अस्पतालों में भेजा जा चुका है। इनमें से 5 बालिकाएं अब तक गर्भवती पाई जा चुकी हैं जिन्हें सीडब्लूसी के माध्यम से भेजा गया था। ये लड़कियां आगरा, फिरोजाबाद, एटा व कानपुर नगर की हैं। इनके अलावा 2 अन्य लडकिया भी गर्भवती हैं, जो कोविड निगेटिव हैं। कुल गर्भवती लड़कियां 7 हैं। सभी का इलाज चल रहा है।

राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने कहा कि आयोग की अध्यक्ष की तरफ से पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को दी गई है। साथ ही उनसे यह भी मांग की गई है कि बालिका गृह में बालिकाओं के रहने की व्यवस्था ठीक नहीं है। आयोग ने गृह में और कमरे बनवाने की मांग की है। कहा कि इससे एक ही बेड पर चार-चार लड़कियों को सोना नहीं पड़ेगा, साथ ही वहां महिला होमगार्ड की भी तैनाती की जानी चाहिये।

Next Story

विविध