सिक्योरिटी

UP की मशहूर कथक डांसर से फोन कर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव, महिला ने कहा यह भी बलात्कार जैसा

Janjwar Desk
24 May 2021 2:29 PM GMT
UP की मशहूर कथक डांसर से फोन कर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव, महिला ने कहा यह भी बलात्कार जैसा
x

जब एक मशहूर कत्थर डांसर को खुलेआम फोन कर अनैतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला जा सकता है तो आम लड़कियों का क्या होगा हाल (तस्वीर : प्रतीकात्मक)

जानिये यूपी की मशहूर कथक डांसर ने क्यों कहा कि एक स्त्री का बलात्कार सिर्फ कृत्य से नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल करने से भी होता है...

सुनील मौर्य की रिपोर्ट

लखनऊ, जनज्वार। उत्तर प्रदेश की जानी-मानी कथक नृत्यांगना को सोशल मीडिया और फोन पर लगातार धमकी दी जा रही है। धमकी भी ऐसी जिसे जानकर आपके रोंगटे खड़े जाएंगे। लखनऊ और देशभर में कथक को लेकर अपनी पहचान बनाने वाली महिला से जबरन अनैतिक संबंध बनाने के लिए एक शख्स उन पर दबाव बना रहा है। ऐसा नहीं करने पर सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बदनाम करने की धमकी दी जा रही है।

जिस तरह से मशहूर नृत्यांगना को अनैतिक संबंध बनाने के लिए लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है उसे पीड़ित महिला ने बलात्कार करने जैसा बताया है। मशहूर नृत्यांगना ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में ये कहा है कि एक स्त्री का बलात्कार वो कृत्य करने से ही नहीं होता है, बल्कि इस तरह सामाजिक प्रतिष्ठा को चूर-चूर करने से भी हो जाता है।

25 वर्षों से कथक सीखा रही हैं और देश भर में बनाई है नई पहचान

महिला कथक डांसर ने इस मामले में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाने में साइबर क्राइम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इससे पहले उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन ब्लैकमेल करने वाला शख्स लगातार उन्हें परेशान कर रहा है। सोशल मीडिया फेसबुक पर उनके फोटो के साथ छेड़छाड़ करके पोस्ट कर रहा है, जिससे महिला मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। इसलिए उन्होंने 22 मई को गुडंबा थाने में एफआईआर कराई।

इस शिकायत में उन्होंने बताया है कि वो एक डांस सोसायटी की सेक्रेटरी हैं। इसके अलावा 25 वर्षों से अपने प्रदेश और देश में कलात्मक विकास में कार्य कर रहीं हैं। इनका आरोप है कि पिछले 20 दिनों से अमरबाली वर्मा नामक व्यक्ति पहले कॉल करके परेशान करता था। आरोपी व्यक्ति अभद्र व्यवहार करता था और फिर धमकी देने लगा कि अगर मेरे साथ अनैतिक संबंध नहीं बनाए तो सोशल मीडिया पर बदनाम कर देगा।

इससे परेशान होकर पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत की, लेकिन इसके बाद भी आरोपी को कोई फर्क नहीं पड़ा। उसने फेसबुक पर कथक डांसर की निजी फोटो लगाकर बदनाम करने लगा। जिसके बाद काफी लोगों ने मुझे अपमानित भी किया है। जिसकी वजह से मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा खराब हो रही है।

कथक डांसर ने क्यों कहा- ये बदनामी बलात्कार से कम नहीं

पीड़ित महिला ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा है कि, "मैं एक प्रतिष्ठित कलाकार हूं एवं एक स्त्री हूं। एक स्त्री का बलात्कार वो कृत्य करने से ही नहीं होता है, बल्कि इस तरह सामाजिक प्रतिष्ठा को चूर-चूर करने से भी हो जाता है। यदि मेरे साथ ऐसी हरकत करने की कोई हिम्मत कर सकता है तो एक सामान्य स्त्री को तो ये किसी भी तरह से प्रताड़ित कर सकते हैं। इसलिए इस मामले में तुरंत संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई हुए एफआईआर की जाए।

वहीं, इस मामले में पुलिस ने बताया कि शिकायत पर गाली-गलौज, धमकी देने और साइबर क्राइम की आईटी एक्ट की धारा-67 में मामला दर्ज कर आरोपी शख्स के बारे में पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story

विविध