Begin typing your search above and press return to search.
Up Election 2022

UP Election 2022 : सोनभद्र में BJP पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- गर्मी निकालने वालों की जनता निकालेगी भाप, भाजपा पर लगाए कई आरोप

Janjwar Desk
3 March 2022 12:41 PM GMT
UP Election 2022 : सोनभद्र में BJP पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- गर्मी निकालने वालों की जनता निकालेगी भाप, भाजपा पर लगाए कई आरोप
x

अखिलेश यादव ने BJP पर कसा तंज

UP Election 2022 : अखिलेश यादव ने कहा है कि जब से समाजवादियों ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की बात कही है, तब उसे भाजपा वालों की बिजली गुल हो गई है। ट्रांसफार्मर फुंक गया है...

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान जारी है| सभी सियासी दलों ने सातवें चरण के चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक दी है। वहीं सभी राजनीतिक दलों के राजनेताओं का एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इस कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज सोनभद्र में भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है। बता दें कि अखिलेश यादव ने कहा है कि 'जब से समाजवादियों ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की बात कही है, तब उसे भाजपा वालों की बिजली गुल हो गई है। ट्रांसफार्मर फुंक गया है। बाबा मुख्यमंत्री ने कहा था कि हम गरीब निकाल देंगे, लेकिन पहले चरण का मतदान शुरू होने के बाद से ही भाजपा वाले ठंडे पड़ गए हैं।'

बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा को मिल रहा भारी जनसमर्थन यह बता रहा है कि जनता गर्मी निकालने वालों की भाप निकाल देगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नौजवानों से पूछा कि 5 साल में भर्ती निकली क्या, लैपटॉप और स्मार्ट फोन मिला। जवाब में ना सुन कर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा खुद को सबसे बड़ी पार्टी कहती है लेकिन जब इनकी घोषणाओं का आंकलन करेंगे तो यह सबसे बड़ी झूठी पार्टी नजर आएगी।

भ्रष्टाचार और महंगाई के लिए बीजेपी को ठहराया जिम्मेदार

बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की गलत नीतियों को भ्रष्टाचार और महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार और महंगाई दोगनी हो गई है। जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश में मिसाइल और बम बनाने का दावा किया था| वह 5 साल में माचिस की तिली भी नहीं बना पाए। इनके झूठ से सावधान रहिए।

सपा सरकार बनने पर विकास का वादा

बता दें कि सोनभद्र में हाइडिल मैदान में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में हुई जनसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर गरीबों को राशन के साथ सरसों तेल, मिल्क पाउडर, देसी घी और चीनी भी मुफ्त देने का ऐलान किया है| इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर सिंचाई दवाई और पढ़ाई की सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा| साथ ही अखिलेश यादव ने सेना के भर्ती निकालने और आयु सीमा में छूट दिलाने की भी घोषणा की है|

Next Story

विविध