Begin typing your search above and press return to search.
Up Election 2022

Uttarakhand Election 2022 : उत्तराखण्ड में कैबिनेट मंत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Janjwar Desk
15 Jan 2022 9:45 AM GMT
Uttarakhand Election 2022 : उत्तराखण्ड में कैबिनेट मंत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 11 के खिलाफ  मुकदमा दर्ज
x
Uttarakhand Election 2022 : भाजपा जिला कार्यालय ग्वीलों गोपेश्वर में जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने सुझाव पत्र पेटी का शुभारंभ किया....

Uttarakhand Election 2022 : आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पर गोपेश्वर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रदेश में धारा 144 लागू होने के बाद भी बैठक करने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत (Dhan Singh Rawat) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट सहित 11 पदाधिकारियों पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है।

विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Election) को लेकर गोपेश्वर में गठित उड़नदस्ता टीम के प्रभारी कमल भारती की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। वैसे इस मामले में दो दिन पहले कांग्रेस की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।

जानकारी के मुताबिक परसों बृहस्पतिवार को भाजपा जिला कार्यालय ग्वीलों गोपेश्वर में जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने सुझाव पत्र पेटी का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के दौरान धारा 144 का उल्लंघन कर भाजपा के मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। जिसके बाद कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली गई।

इसे कांग्रेस ने आचार संहिता के तहत लागू धारा 144 के तहत प्रदेश में किसी भी प्रकार की बैठकों, रैलियों और सभाओं पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन बताया था। कांग्रेस की ओर से भाजपा के कार्यक्रम की फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए गए हैं। लेकिन इससे पहले खुद कैबिनेट मंत्री ने भी कार्यक्रम की फोटो सोशल मीडिया में जारी की थी।

इस मामले में उड़नदस्ता टीम की तहरीर पर गोपेश्वर थाने में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट सहित 11 पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Next Story

विविध