Begin typing your search above and press return to search.
विमर्श

वर्ष 2024 में अरबपतियों की संख्या ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एक दशक में बिलेनियर्स की संपत्ति में हुआ 120 फीसदी का इजाफा

Janjwar Desk
3 April 2024 1:40 PM GMT
वर्ष 2024 में अरबपतियों की संख्या ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एक दशक में बिलेनियर्स की संपत्ति में हुआ 120 फीसदी का इजाफा
x

file photo

Forbes Richest World's Billionaires List 2024 : फोर्ब्स की सूची केवल यह नहीं बताती है कि दुनिया में कितने अरबपति हैं और उनकी संपत्ति कितनी है, बल्कि यह भी बताती है कि पूरी दुनिया में किस कदर आबादी को लूटा जा रहा है और संसाधनों पर कब्जा किया जा रहा है....

महेंद्र पाण्डेय की टिप्पणी

At a time when recession and living crisis is at peak globally, the number of billionaires and their combined assets has attained a record height. फोर्ब्स द्वारा प्रकाशित 38वीं एनुअल वर्ल्डस बिलियोनायर्स लिस्ट: फैक्ट्स एंड फिगर्स, के अनुसार वर्ष 2024 में अरबपतियों की संख्या इतिहास के किसी भी मुकाम से अधिक है, और इनकी सम्मिलित संपत्ति भी सर्वाधिक है। इस समय दुनिया में 2781 अरबपति हैं, यह संख्या वर्ष 2023 की तुलना में 141 अधिक है और इससे पहले के रिकॉर्ड वर्ष 2021 की तुलना में 26 अधिक है। इन अरबपतियों की सम्मिलित संपत्ति की कीमत 14.2 खरब डॉलर तक पहुँच गयी है, जो वर्ष 2023 की तुलना में 2 खरब डॉलर अधिक है, और पिछले रिकॉर्ड वर्ष 2021 की तुलना में 1.1 खरब डॉलर अधिक है। इस सूची से यह भी स्पष्ट होता है कि अरबपतियों के बीच भी आर्थिक असमानता बढ़ती जा रही है।

इन अरबपतियों की सम्मिलित संपत्ति का मूल्य अमेरिका और चीन को छोड़कर दुनिया के हरेक देश के सकल घरेलू आय के सम्मिलित योग से भी अधिक है। अरबपतियों की सम्मिलित संपत्ति में ही पिछले एक दशक के दौरान 120 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गयी है। दुनिया के 14 अरबपति ऐसे भी हैं, जिसमें भारत के मुकेश अम्बानी शामिल हैं, जिनकी संपत्ति 100 अरब डॉलर या इससे अधिक है। वर्ष 2020 में ऐसे अरबपतियों की संख्या महज 1 थी। इन 14 अरबपतियों की कुल संपत्ति का मूल्य 2 खरब डॉलर से भी अधिक है, यानि कुल 2781 अरबपतियों में से शीर्ष 0.5 प्रतिशत के पास अरबपतियों की कुल सम्पदा में से 14 प्रतिशत संपत्ति है। अरबपतियों के बीच यह आर्थिक असमानता भी पहले कभी नहीं रही है। वर्ष 2024 की सूचि में 265 ऐसे अरबपति हैं, जिनका नाम पहली बार इस सूची में शामिल किया गया है, जबकि वर्ष 2023 की सूची में शामिल नामों में से 189 का नाम अब इस सूची में नहीं है।

वर्ष 2023 की तुलना में दो-तिहाई अरबपति अधिक समृद्ध हो गए हैं। फ्रांस के लक्ज़री उत्पाद निर्माता बर्नार्ड आरनौल्ट दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, इसके बाद एलोन मस्क का स्थान है और तीसरे स्थान पर जेफ बेजोस हैं। अरबपतियों की सूची में 369 नाम यानी लगभग 13 प्रतिशत महिलायें हैं। महिलाओं में सबसे अमीर लोरेअल पेरिस की मालकिन फ़्रन्कोइज मेयर्स हैं।

अरबपतियों की औसत उम्र 66 वर्ष है, पर इस सूची में 425 व्यक्तियों की उम्र 80 वर्ष या इससे भी अधिक है और 25 अरबपतियों की उम्र 33 वर्ष से भी कम है। कुल 66 प्रतिशत अरबपति अपने बलबूते पर आगे बढे हैं, जबकि शेष की पारिवारिक संपत्ति है। वर्ष 2023 की सूची में अपने बलबूते पर आगे बढ़ने वाले अरबपतियों की संख्या 69 प्रतिशत थी।

सबसे अधिक, 813 अरबपति अमेरिका में हैं, इनकी सम्मिलित संपत्ति 5.7 खरब डॉलर की है। वर्ष 2023 में अमेरिका के 735 अरबपतियों की कुल संपत्ति 4.5 ख़रब डॉलर थी। दूसरे स्थान पर 473 अरबपतियों के साथ चीन है, जिनकी सम्मिलित संपत्ति 1.7 खरब डॉलर है। तीसरे स्थान पर 200 अरबपतियों के साथ भारत है, जिनकी कुल सम्पदा 954 अरब डॉलर है। चौथे स्थान पर 132 अरबपतियों के साथ जर्मनी है।

मानवाधिकार संस्था, ग्लोबल जस्टिस नाउ, की डेज़ी पेअरसन के अनुसार अरबपतियों की बढ़ती संख्या के साथ ही पूरी दुनिया में बढ़ती गरीबी से यह स्पष्ट है कि यह असमानता अमीरों द्वारा गरीबों के शोषण और संपत्ति और सम्पदा पर अमीरों के एकाधिकार से ही बढ़ रही है। मानवाधिकार से जुड़ी दूसरी संस्था हाई पे सेंटर के अध्यक्ष ल्युक हिल्द्यार्ड के अनुसार फोर्ब्स की सूची केवल यह नहीं बताती है कि दुनिया में कितने अरबपति हैं और उनकी संपत्ति कितनी है, बल्कि यह भी बताती है कि पूरी दुनिया में किस कदर आबादी को लूटा जा रहा है और संसाधनों पर कब्जा किया जा रहा है।

सन्दर्भ:

Forbes 38th Annual World’s Billionaires List: Facts & Figures - https://www.forbes.com/sites/chasewithorn/2024/04/02/forbes-38th-annual-worlds-billionaires-list-facts-and-figures-2024/?sh=8888f7443a60

Next Story

विविध