Begin typing your search above and press return to search.
दुनिया

Russia-Ukraine War : इस शख्स को यूक्रेन का राष्ट्रपति क्यों बनाना चाहते हैं व्लादिमीर पुतिन, जानिए पूरी कहानी

Janjwar Desk
3 March 2022 7:38 AM GMT
Russia-Ukraine War : इस शख्स को यूक्रेन का राष्ट्रपति क्यों बनाना चाहते हैं व्लादिमीर पुतिन, जानिए पूरी कहानी
x

(यूक्रेन में कठपुतली राष्ट्रपति तैनात करना चाहते हैं पुतिन : यूक्रेनी मीडिया)

Russia-Ukraine War : यानुकोविच की सरकार को राजधानी कीव में प्रदर्शनकारियों औऱ पुलिस के बीच हिंसक झड़प के बाद उखाड़ फेंक दिया गया था, इस दौरान राजधानी के कई इलाकों में हिंसक घटनाओं की खबरें भी सामने आईं थीं...

Russia-Ukraine War : रूस और यूक्रेन के बीच आठवें दिन भी युद्ध जारी है। रूसी सेना ने राजधानी कीव के बाद खारकीव (Kharkiev) पर हमले तेज किए हैं। रूसी सेना यूक्रेन में किसी तरह सत्ता परिवर्तन की कोशिश कर रहा है और ऐसे शख्स को यूक्रेन में तैनात करना चाहता है जो रूस समर्थक हो। ऐसे में एक नाम विक्टर यानुकोविच (Viktor Yanukovych) उभरकर तेजी से सामने आ रहा है। यूक्रेन की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के भगोड़े पूर्व राष्ट्रपति यानुकोविच को वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelensky) की जगह गद्दी पर बैठाने की योजना बना रहा है।

कीव इंडिपेंडेंट ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन (Russian President Vladimir Putin) विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का नया राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं। साल 2014 में यूरो मैदान क्रांति के दौरान यानकोविच की सरकार को उखाड़ फेंका गया था और उसके बाद यानुकोविच ने रूस में जाकर वहां की शरण ली थी। यानुकोविच ने साल 2010 में यूक्रेन के चौथे राष्ट्रपति के रूप में पद संभाला था और वह फरवरी 2014 तक यूक्रेन राष्ट्रपति रहे।

यानुकोविच की सरकार को राजधानी कीव में प्रदर्शनकारियों औऱ पुलिस के बीच हिंसक झड़प के बाद उखाड़ फेंक दिया गया था। इस दौरान राजधानी के कई इलाकों में हिंसक घटनाओं की खबरें भी सामने आईं थीं। यह विरोध नवंबर 2013 में बड़े पैमाने पर शुरू हुआ था जिसके बाद यानुकोविच को उनके पद से हटा दिया गया था। फिर यानुकोविच ने रूस में शरण ले ली थी। उनका रूस के प्रति काफी झुकाव रहा है जो रूस भी चाहता है।

कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट में यूक्रेनी खुफिया का हवाला देते हुए कहा गया है कि रूस विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का अगला राष्ट्रपति घोषित करने की कोशिश कर सकता है। यह यूक्रेन में कठपुतली सरकार स्थापित करने का पुतिन का प्लान हो सकता है, वे राजधानी कीव पर कब्जा करने और जेलेंस्की सरकार को हटाने की कोशिशों में जुटे हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति लियोनिद कुचमा ने साल 2002 में यानुकोविच को प्रधानमंत्री नियुक्त किया था। इसके बाद 2004 के राष्ट्रपति चुनाव के समय यानुकोविच को कुचमा के उत्तराधिकारी के तौर पर जाने जाना लगा था। तब रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भी उनकी उम्मीदवारी के लिए अपने समर्थन की पेशकश की थी।

साल 2010 में यानुकोविच यूक्रेन के राष्ट्रपति चुने गए तो रूस के प्रति उनका झुकाव नजर आने लगा। अप्रैल 2010 में विक्टर यानुकोविच ने रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के साथ एक समझौता किया और सेवस्तोपोल बंदरगाह के रूस के पट्टे का विस्तार 2042 तक कर दिया।

Next Story

विविध