Sheikh Khalifa bin Zayed Al Nahyan : संयुक्त अरब अमीरात के स्टेट मीडिया ने शुक्रवार को घोषणा की कि लंबे समय तक शासक रहे शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान (Sheikh Khalifa bin Zayed Al Nahyan) का 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। अल नाहयान कई सालों से बीमारी से जूझ रहे थे। अमीरात सरकार ने चालीस दिनों के शोक की घोषणा की है। सभी मंत्रालयों और निजी क्षेत्र में काम के तीन दिन का निलंबन शुक्रवार से शुरू हो रहा है और झंडा आधा झुकाया जाएगा।
शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान कौन थे?
खलीफा के सौतेले भाई, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा कि यूएई ने अपने धर्मी पुत्र और सशक्तिकरण के नेता को खो दिया है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा- उनका रुख, उपलब्धियां, ज्ञान और उदारदा देश के हर कोने में मौजूद है।
खलीफा बिन जायद 2004 में अपने पिता व संयुक्त अरब अमीरात के संस्थापक शेख जायद की मृत्यु के बाद सत्ता में आए थे। खलीफा के शासन के दौरान यूएई ने कई आधुनिकीकरण और विकास परियोजनाओं के साथ-साथ अरबों डॉलर के निवेश को लागू किया लेकिन 2014 स्ट्रोक से पीड़ित होने के बाद वह शायद ही कभी सार्वजनिक कार्यक्रम में देखे गए थे और लंबे समय से दिन-प्रतिदिन के कार्यक्रमों में शामिल होना बंद कर दिया था।
मोहम्मद बिन जायद को संयुक्त अरब अमीरात के वास्तविक शासक के रूप में देखा गया है। उनके निधन के बाद अगले राष्ट्रपति को घोषित किए जाने की उम्मीद है।
अमीरात में शासक शेखों के पास पूरी शक्ति है लेकिन खलीफा ने सत्ता में आने के कुछ ही समय बाद चुनावों के साथ प्रयोग करने शुरू कर दिए थे। उन्होंने 2006 में 40 सीट संघीय सलाहकार निकाय (Federal Advisory Body) में से 20 के लिए सीमित मतदान की अनुमति दी। संयुक्त अरब अमीरात इस क्षेत्र के सबसे स्थिर देशों में से एक रहा है। शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जाहिर किया है।
मोदी ने लिखा- शेख खलीफा बिन जायद के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। वह एक महान राजनेता और दूरदर्शी नेता थे जिनके तहत भारत-यूएई संबंध समृद्ध हुए। भारत के लोगों की हार्दिक संवेदना यूएई के लोगों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
830 बिलियन डॉलर की संपत्ति के थे मालिक
फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान की कुल संपत्ति 830 बिलियन डॉलर है। यह राशि पाकिस्तान के कुल बजट से 18 गुना ज्यादा है। पाकिस्तान का सालाना बजट लगभग 45 बिलियन डॉलर है। शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान की संपत्ति मे 97.8 बिलियन कच्चे तेल का निजी भंडार भी शामिल है।